पुराना नियम · एज्रा · अध्याय 1 / 10
एज्रा 1
1फ़ारस के राजा कुस्रू के राज्य के प्रथम वर्ष में यहोवा ने फ़ारस के राजा कुस्रु का मन उभारा कि यहोवा का जो वचन यिर्मयाह के मुंह से निकला था वह पूरा हो। अतः उसने अपने समस्त राज्य में घोषणा करवाई और उसे लिखवा भी दिया,
2“फ़ारस का राजा कुस्रू यों कहता हैः ‘स्वर्ग के परमेश्वर यहोवा ने पृथ्वी के समस्त राज्य मुझे दिए हैं, और उसने मुझे नियुक्त किया है कि मैं यहूदा के यरूशलेम में उसके लिए एक भवन बनाऊँ।
3तुममें से जो कोई भी उसकी समस्त प्रजा में से हो, उसका परमेश्वर उसके साथ हो! वह यहूदा के यरूशलेम में जाकर इस्राएल के परमेश्वर यहोवा के भवन का पुननिर्माण करे, वह जो यरूशलेम में है वही परमेश्वर है।
4और शेष बचे हुए सब लोग, वे जहां कहीं भी रहते हों, उस स्थान के लोग उनकी सहायता चांदी, सोना, और माल-मवेशी देकर करें, तथा साथ ही यरूशलेम स्थित परमेश्वर के भवन के लिए स्वेच्छा से भेंट भी दें’।”
5तब यहूदा और बिन्यामीन के पूर्वजों के घरानों के मुखिए, याजक और लेवीय यहां तक कि वे सब भी जिनका मन परमेश्वर ने उभारा था उठ खड़े हुए कि जाकर यरूशलेम स्थित यहोवा के भवन का पुनर्निर्माण करे।
6और उनके आसपास के सभी लोगों ने स्वेच्छा से दी गई भेंटों के अतिरिक्त उनको चांदी के पात्र, सोना, माल-मवेशी और अपनी बहुमूल्य वस्तुएं देकर उन्हें प्रोत्साहित किया।
7और राजा कुस्रु ने यहोवा के भवन के उन पात्रों को भी निकलवाया जिन्हें नबूकदनेस्सर ने यरूशलेम से लाकर अपने देवताओं के भवन में रख दिया था।
8इन्हीं को फ़ारस के राजा कुस्रु ने खजांची मिथ्रदात के हाथ से निकलवाया और उन्हें गिनकर यहूदा के अधिपति शेशबस्सर को सौंप दिया।
9उनकी संख्या इस प्रकार थीः सोने की तीस तथा चांदी की एक हजार परातें, उनतीस छूरियां,
10सोनेे के तीस कटोरे, और चांदी के दूसरे प्रकार के चार सौ दस कटोरे तथा एक हजार अन्य पात्र।
11सोने और चांदी के पात्रों की कुल संख्या पांच हजार चार सौ थी। इन सब को शेशबस्सर बन्धुओं के साथ बेबीलोन से यरूशलेम ले आया।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)