पुराना नियम · यहोशू · अध्याय 23 / 24
यहोशू 23
1बहुत दिनों बाद जब यहोवा ने इस्राएल को उसके चारों ओर के शत्रुओं से विश्राम दिया और यहोशू वृद्ध और बहुत आयु का हो गया,
2तब यहोशू ने सम्पूर्ण इस्राएल को, अर्थात् उनके पुरनियों, प्रधानों, न्यायियों और अधिकारियों, को बुलवा कर कहाः “अब तो मैं वृद्ध और बहुत आयु का हो गया हू।
3तुमने देखा है कि तुम्हारे परमेश्वर यहोवा ने तुम्हारे कारण इन सब जातियों के साथ क्या क्या किया है, क्योंकि जो तुम्हारी ओर से लड़ता आया है वह तुम्हारा परमेश्वर यहोवा ही है।
4देखो, यरदन नदी से लेकर सूर्यास्त की ओर भूमध्य सागर तक की जिन जातियों को मैंने मिटा डाला है और जो शेष बची हुई हैं, सबको मैंने चिट्ठी डाल-डाल कर तुम्हारे गोत्रों का निज भाग होने के लिए दे दिया है।
5तुम्हारा परमेश्वर यहोवा उनको तुम्हारे सामने से खदेड़ देगा और उन्हें देश से निकाल बाहर करेगा, और तुम अपने परमेश्वर यहोवा की प्रतिज्ञा के अनुसार उनके देश पर अधिकार कर लोगे।
6इसलिए अत्यन्त दृढ़ होकर मूसा की व्यवस्था की पुस्तक में जो कुछ लिखा है उसे मानो और पालन करो जिससे कि तुम न तो दाहिने मुड़ो और न बाए।
7और जिससे तुम अपने मध्य बची हुई इन जातियों के लोगों के साथ न मिलो-जुलो, न उनके देवताओं के नाम लो, न उनके नाम से शपथ खाओ और न उनकी उपासना करो या उनके सामने दण्डवत् करो।
8परन्तु जैसे आज तक तुम अपने परमेश्वर यहोवा में लवलीन रहे हो वैसे ही रहा करो।
9क्योंकि यहोवा ने महान् और सामर्थी जातियों को तुम्हारे सामने से निकाल भगाया है और जहां तक तुम्हारा सम्बन्ध है, आज तक कोई जाति तुम्हारे सामने टिक नहीं सकी है।
10तुम में से एक ही जन हजार को भगा देता है क्योंकि तुम्हारा परमेश्वर यहोवा अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार तुम्हारी ओर से लड़ता है।
11इसलिए अपने परमेश्वर यहोवा से प्रेम रखने में यत्न से ध्यान दो।
12क्योंकि यदि तुम कभी फिरकर अपने मध्य बची हुई इन जातियों से घुल-मिल जाओ और उनसे विवाह-सम्बन्ध स्थापित करने लगो जिससे तुम उनके साथ मिलो और वे तुम्हारे साथ,
13तो निश्चय जान लो कि तुम्हारा परमेश्वर यहोवा इन जातियों को तुम्हारे सामने से आगे को निकालता न रहेगा; परन्तु वे तुम्हारे लिए जाल और फंदे, पीठ के लिए कोड़े और तुम्हारी आंख के लिए कांटा बन जाएंगे, जब तक कि तुम इस उत्तम देश से जो तुम्हारे परमेश्वर यहोवा ने तुम्हें दिया है, मिट न जाओ।
14“देखो, आज तो मैं उसी मार्ग से जाने वाला हूं जो सारे संसार का है। तुम सब अपने-अपने हृदय और अपने-अपने मन में जानते हो कि तुम्हारे परमेश्वर यहोवा ने तुम्हारे विषय में जितनी भलाई की बातें कहीं, उनमें से एक भी बिना पूरी हुए नहीं रही। वे सब तुम्हारे लिए पूरी हो चुकी है। उनमें से एक भी बिना पूरी हुए नहीं रही।
15और जिस प्रकार तुम्हारे परमेश्वर यहोवा की कही हुई भलाई की बातें सब तुम्हारे लिए पूरी हुई हैं, ठीक उसी प्रकार वह सब विपत्तियां भी तुम पर उस समय तक लाएगा जब तक कि वह तुम्हें इस उत्तम देश में से मिटा न डाले जिसे तुम्हारे परमेश्वर यहोवा ने तुम्हें दिया है।
16जब तुम उस वाचा का जिसे तुम्हारे परमेश्वर यहोवा ने तुम्हें आज्ञा देकर अपने साथ बंधाई है उसका उल्लंघन करके पराए देवताओं की उपासना करोगे और उनको दण्डवत् करने लगोगे तब यहोवा का क्रोध तुम पर भड़क उठेगा, और तुम इस उत्तम देश से, जिसे उसने तुमको दिया है, शीघ्र नष्ट हो जाओगे।”
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)