पुराना नियम · यहोशू · अध्याय 3 / 24
यहोशू 3
1तब यहोशू बड़े सवेरे उठा और सब इस्राएलियों के साथ शित्तीम से प्रस्थान कर यरदन किनारे पहुँचा। उन्होंने यरदन पार जाने से पूर्व वहीं पड़ाव किया।
2तीन दिन के बाद अधिकारीगण शिविर के बीच में से होते हुए निकले,
3और उन्होंने सब लोगों को यह आज्ञा सुनाई, “जब तुम लेवीय याजकों को अपने यहोवा परमेश्वर की वाचा का सन्दूक कांधों पर उठाकर चलते देखो तब तुम भी अपने स्थान से प्रस्थान कर उसके पीछे-पीछे चलना।
4परन्तु उसके तथा तुम्हारे मध्य लगभग दो हज़ार हाथ का अन्तर रहे, उसके अधिक समीप न जाना, जिससे तुम देख सको कि तुम्हें किस मार्ग से जाना है क्योंकि तुम इस मार्ग से होकर पहले कभी नहीं चले।”
5तब यहोशू ने लोगों से कहा, “अपने को पवित्र करो, क्योंकि यहोवा कल तुम्हारे मध्य अद्भुत कार्य करेगा।”
6फिर यहोशू ने याजकों से कहा, “वाचा का सन्दूक उठा कर लोगों के आगे-आगे पार उतरो।” अतः वे वाचा का सन्दूक उठाकर लोगों के आगे चलने लगे।
7फिर यहोवा ने यहोशू से कहा, “आज से मैं सारे इस्राएल की दृष्टि में तेरा सम्मान बढ़ाना आरम्भ करूंगा, जिससे वे जान लें कि जैसे मैं मूसा के साथ रहा वैसे ही तेरे संग भी हू।
8वाचा का सन्दूक उठाने वाले याजकों को तू यह आज्ञा भी देना, ‘जब तुम यरदन के जल के किनारे पहुंचो तो यरदन में खड़े हो जाना’।”
9तब यहोशू ने इस्राएलियों से कहा, “पास आकर अपने परमेश्वर यहोवा के वचन सुनो।”
10यहोशू ने आगे कहा, “इसके द्वारा तुम जान लोगे कि जीवित परमेश्वर तुम्हारे मध्य है, और वह कनानियों, हित्तियों, हिव्वयों, परिज्जियों, गिर्गाशियों, एमोरियों, तथा यबूसियों को निःसन्देह निकालकर भगा देगा।
11देखो, सम्पूर्ण पृथ्वी के स्वामी की वाचा का सन्दूक तुम्हारे आगे-आगे पार होने के लिए यरदन में जा रहा है।
12इसलिए अब तुम इस्राएल के गोत्रों में से बारह पुरुष चुन लो अर्थात् प्रत्येक गोत्र से एक।
13और ऐसा होगा कि जैसे ही सम्पूर्ण पृथ्वी के स्वामी, यहोवा की वाचा के सन्दूक को उठाने वाले याजकों के पैर के तलवे यरदन के जल में पड़ेंगे वैसे ही यरदन की जलधारा थम जाएगी, और ऊपर से नीचे की ओर बहने वाली धारा एक ढेर बनकर खड़ी हो जाएगी।”
14जब लोगों ने यरदन पार करने के लिए अपने तम्बुओं से प्रस्थान किया, और याजक वाचा का सन्दूक उठाए हुए उनके आगे-आगे चल रहे थे,
15कटनी के सारे दिनों में यरदन नदी अपने तट के ऊपर से बहती है। जब वाचा का सन्दूक उठाने वाले यरदन में उतरे और सन्दूक उठाने वाले याजकों के पैर तट के जल में पड़े,
16तब ऐसा हुआ कि ऊपर से नीचे बहकर आती हुई जलधारा थम गई। वह वहां से बहुत दूर आदाम शहर के समीप जो सारतान के निकट है, एक ढेर होकर खड़ी हो गई, और नीचे की जलधारा जो अराबा सागर अर्थात् लवण सागर की ओर बहती थी पूर्णतः अलग हो गई। वे लोग यरीहो के सामने पार उतर गए।
17समस्त प्रजा के यरदन पार होने तक यहोवा की वाचा का सन्दूक उठाकर ले जाने वाले याजक यरदन के बीचोंबीच सूखी भूमि पर स्थिर खड़े रहे और समस्त इस्राएल सूखी भूमि पर से पार हुआ।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)