Loading account

पुराना नियम · न्यायियों · अध्याय 12 / 21

न्यायियों 12

1तब एप्रैम के लोग इकट्ठे हुए और उन्होंने पार जाकर सापोन में यिप्तह से कहा, “तू हमें अपने साथ बिना बुलाए अम्मोनियों से युद्ध करने पार क्यों गया? हम तेरा घर तुझ समेत जला देंगे।”

2तब यिप्तह ने उनसे कहा, “मेरा और मेरे लोगों का अम्मोनियों से बड़ा झगड़ा हो रहा था, और जब मैंने तुम्हें बुलाया तो तुमने मुझे उनके हाथ से नहीं छुड़ाया।

3और जब मैंने यह देखा कि तुम मुझे नहीं बचाओगे तो मैं अपना प्राण हथेली पर रखकर अम्मोनियों के विरुद्ध निकल पड़ा यहोवा ने उन्हें मेरे हाथ में कर दिया। तब फिर तुम मुझ से लड़ने को आज क्यों आए हो?

4तब यिप्तह ने गिलाद के सब लोगों को इकट्ठा किया और एप्रैम से युद्ध किया और गिलाद के लोगाें ने एप्रैम से युद्ध किया और गिलाद के लोगों ने एप्रैम को हरा दिया क्योंकि उन्होंने कहा, “हे गिलादियों, तुम तो एप्रैम और मनश्शे के बीच रहनेवाले एप्रैम के भगोड़े हो।”

5और गिलादियों ने एप्रैम के दूसरी ओर वाले यरदन के घाटों को ले लिया। फिर ऐसा होता कि जब कोई एप्रैमी भगोड़ा कहता था, “मुझे पार उतरने दो,” तो गिलादी उससे पूछते थे, “क्या तू एप्रैमी है?” यदि वह कहता, “नहीं,”

6तब वे उसे से कहते, “शिब्बोलेत कह।” परन्तु वह “सिब्बोलेत” कहता, क्योंकि वह इसका सही उच्चारण नहीं कर पाता था। तब वे उसे पकड़ कर यरदन के घाट पर मार डालते थे। इस प्रकार उस समय वहां बयालीस हज़ार एप्रैमी मार डाले गए।

7और यिप्तह ने छः वर्ष तक इस्राएल का न्याय किया। तब गिलादी यिप्तह की मृत्यु हो गई और उसे गिलाद के एक नगर में मिट्टी दी गई।

8तब उसके बाद बैतलहम निवासी इबसान ने इस्राएल का न्याय किया।

9और उसके तीस बेटे और तीस बेटियां हुईं जिनका उसने परिवार से बाहर विवाह किया और अपने बेटों के लिए वह बाहर से तीन बहुएं लाया। और उसने सात वर्ष तक इस्राएल का न्याय किया।

10तब इबसान मर गया और उसे बैतलहम में मिट्टी दी गई।

11उसके बाद जबूलूनी एलोन ने इस्राएल का न्याय किया और उसने दस वर्ष तक इस्राएल का न्याय किया।

12तब एलोन जबूलूनी मर गया, और उसको जबूलून के देश के अय्योलोन में मिट्टी दी गई।

13उसके बाद पिरातोनी हिल्लेल का पुत्र अब्दोन इस्राएल का न्याय करने लगा।

14और उसके चालीस बेटे और तीस पोते थे जो सत्तर गदहों पर सवार होते थे। और उसने आठ वर्ष तक इस्राएल का न्याय किया।

15तब पिरातोनी हिल्लेल का पुत्र अब्दोन मर गया, और उसको एप्रैम देश के पिरातोन में जो अमालेकियों के पहाड़ी देश में है, मिट्टी दी गई।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)