पुराना नियम · मीका · अध्याय 4 / 7
मीका 4
1अन्त के दिनों में ऐसा होगा कि यहोवा के भवन का पर्वत सब पर्वतों में सर्वोच्च ठहरेगा। वह सब पहाड़ों से अधिक ऊंचा किया जाएगा, और वहां जातियां धारा के समान उमड़ पड़ेंगी।
2और अनेक जातियां आकर कहेंगी कि आओ, हम यहोवा के पर्वत पर चढ़ें, हम याकूब के परमेश्वर के भवन को चलें कि वह हमें अपने मार्ग सिखाए और हम उसके पथों पर चले। क्योंकि सिय्योन से व्यवस्था, हां, यरूशलेम से यहोवा का वचन निकलेगा।
3और वह अनेक जातियों का न्याय करेगा और दूर-दूर देश के पराक्रमी लोगाें के झगड़ों का निपटारा करेगा। तब वे अपनी तलवारों को पीटकर हल के फाल, और अपने भालों से हंसिया बनाएंगे। तब एक जाति दूसरी के विरफ़द्ध तलवार फिर नहीं चलाएगी और लोग फिर कभी युद्ध का प्रशिक्षण नहीं लेंगे।
4और उनमें से प्रत्येक अपनी दाखलता तथा अपने अंजीर के वृक्ष के नीचे बैठेगा और उन्हें डराने वाला कोई न होगा, क्योंकि सेनाओं के यहोवा ने अपने ही मुंह से यह कहा है।
5यघपि देश-देश के सब लोग अपने-अपने देवता के नाम से चलते हैं, हम तो अपने परमेश्वर यहोवा ही के नाम से सदा-सर्वदा चलते रहेंगे।
6यहोवा की यह वाणी है कि उस दिन मैं लंगड़ों को इकट्ठे करूंगा और खदेड़े हुओं को अर्थात् उनको जिन्हें मैंने दुख दिया है बटोर लाऊंगा।
7मैं लंगड़ों को बचा हुआ भाग और खदेड़े हुओं को एक पराक्रमी जाति बनाऊंगा और सिय्योन पर्वत पर से यहोवा उन पर अब से लेकर सनातनकाल तक राज्य करता रहेगा।
8हे झुंड के गढ़, और हे सिय्योन की पुत्री के पर्वत, तेरा पुराना राज्य अर्थात् यरूशलेम की पुत्री का राज्य फिर आएगा, हां, तुझे ही मिलेगा।
9अब तू क्यों चिल्लाती है? क्या तुझमें कोई राजा नहीं रहा? क्या तेरा सलाहकार मिट गया कि तुझे जच्चा की सी पीड़ा उठ रही है?
10हे सिय्योन की बेटी, जच्चा के समान ऐंठ, हां, प्रसव-पीड़ा से छटपटा, क्योंकि अब तू नगर को छोड़कर बाहर मैदान में रहेगी वरन् बेबीलोन को चली जाएगी। वहां तू बचाई जाएगी। वहां यहोवा तुझे शत्रुओं के हाथ से छुड़ाएगा।
11और अनेक जातियां तेरे विरफ़द्ध एकत्रित होकर कहती हैं कि सिय्योन भ्रष्ट की जाए और हमारी आंखें इसे देखे।
12परन्तु वे यहोवा के विचारों को नहीं जानते और न उसके उद्देश्य को समझते है। उसने तो उन्हें ऐसे बटोर लिया है जैसे खलिहान में पूले।
13हे सिय्योन की पुत्री, उठ, दांवनी कर, क्योंकि मैं तेरे सींग को लोहा बनाऊंगा और तेरे खुरों को कांसा बनाऊंगा कि तू अनेक जातियों को पीस डाले, और उनके अधर्म की कमाई यहोवा को और उनका धन समस्त पृथ्वी के प्रभु के लिए अर्पित करे।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)