पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 20 / 150
भजन संहिता 20
1संकट के दिन यहोवा तेरी सुन ले! याकूब के परमेश्वर का नाम तुझे ऊंचे स्थान पर सुरक्षित रखे।
2पवित्र स्थान से वह तेरी सहायता करे और सिय्योन से तुझे सहारा दे!
3वह तेरी समस्त अन्नबलियों को स्मरण करे, और तेरी होमबलि को ग्रहणयोग्य पाए। सेला।
4वह तेरी मनोकामना पूरी करे, और तेरी समस्त योजनाओं को पूरी करे!
5तेरे उद्धार के कारण हम हर्षित होकर ऊंचे स्वर से गाएंगे, और अपने परमेश्वर के नाम से अपने झंडे खड़े करेंगे। यहोवा तेरी सब विनतियां पूरी करे।
6अब मैं जानता हूं कि यहोवा अपने अभिषिक्त का उद्धार करता है; वह अपने दाहिने हाथ के उद्धार करने वाले सामर्थ्य के द्वारा अपने पवित्र स्वर्ग से उसकी प्रार्थनाओं का उत्तर देगा।
7किसी को रथों पर तो किसी को घोड़ों पर गर्व है, परन्तु हम तो अपने यहोवा परमेश्वर के नाम पर ही गर्व करेंगे।
8वे तो झुके और गिर पड़े, परन्तु हम उठे और सीधे खड़े हो गए।
9हे यहोवा, बचा ले! जिस दिन हम पुकारें, महाराजा हमें उत्तर दे।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)