Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 76 / 150

भजन संहिता 76

1यहूदा में लोग परमेश्वर को जानते है। इस्राएल में उसका नाम महान् है।

2शालेम में उसका तम्बू, और सिय्योन में उसका निवासस्थान है।

3वहां उसने जलते तीरों को, ढाल और तलवार तथा युद्ध के अस्त्र-शस्त्रें को ही तोड़ डाला। सेला।

4तू तो ज्योतिर्मय है, आखेट के पर्वतों से अधिक ऐश्वर्यवान है।

5निडर मन वाले लुट गए, वे गहरी नींद में पड़ गए, और शूरवीरों में से किसी का हाथ न उठ सका।

6हे याकूब के परमेश्वर, तेरी घुड़की से, सवार और घोड़ा दोनों ही चिर-निद्रा में डूब गए।

7तू, केवल तू ही, भययोग्य है, जब तू क्रोधित हो जाए तो कौन तेरे सामने खड़ा रह सकेगा?

8तूने स्वर्ग से निर्णय सुनाया। पृथ्वी उस समय डर कर चुप हो गई

9जब परमेश्वर न्याय करने और पृथ्वी के सब नम्र लोगों को बचाने उठा। सेला।

10क्योंकि मनुष्य का क्रोध तेरी प्रशंसा ही करेगा; और जो क्रोध रह जाए उससे तू अपनी कमर कसेगा।

11अपने परमेश्वर यहोवा के लिए मन्नतें मानो और पूरी भी करो; जो भययोग्य है उसके चारों ओर रहने वाले उसके लिए भेंट लाए।

12वह शासकों के साहस को तोड़ डालता है, वह पृथ्वी के राजाओं के लिए भयानक है।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)