पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 80 / 150
भजन संहिता 80
1हे इस्राएल के चरवाहे, तू जो भेड़ों के झुंड के समान यूसुफ की अगुवाई करता है, कान लगा, तू जो करूबों पर विराजमान है, अपना तेज दिखा!
2एप्रैम, बिन्यामीन और मनश्शे के सम्मुख अपने सामर्थ्य को जगा, और हमें बचाने को आ!
3हे परमेश्वर, हमें पुनः स्थापित कर, और अपने मुख का प्रकाश हम पर चमका तो हम बच जाएंगे।
4हे सेनाओं के परमेश्वर यहोवा, तू कब तक अपनी प्रजा की प्रार्थना से क्रोधित रहेगा?
5तूने उन्हें आंसुओं की रोटी खिलाई और पीने को उन्हें आंसू ही आंसू दिए।
6तू हमें हमारे पड़ोसियों के लिए झगड़े का कारण बनाता है और हमारे शत्रु आपस में हमारा उपहास करते है।
7हे सेनाओं के परमेश्वर, हमें पुनः स्थापित कर और अपने मुख का प्रकाश हम पर चमका तो हम बच जाएंगे।
8तू मिस्र से एक दाखलता ले आया, तूने जाति-जाति को निकाल कर उसे लगा दिया।
9तूने उसके लिए भूमि तैयार की, उसने गहरी जड़ पकड़ी और देश भर में फैल गई।
10पर्वत उसकी छाया से ढक गए, और उसकी डालियां परमेश्वर के देवदारों के समान हो गईं।
11उसने अपनी शाखाएं समुद्र तक फैला दीं, और अपनी टहनियां महानद तक।
12फिर तूने उसके बाड़ों को क्यों गिरा दिया? सब आने-जाने वाले उसका फल तोड़ते हैं!
13जंगली सुअर उसे उजाड़ डालता है, और मैदान के जानवर उसे खा जाते है।
14हे सेनाओं के परमेश्वर, हम तुझसे विनती करते हैं, लौट आ, स्वर्ग से दृष्टि करके देख, इस दाखलता की सुधि ले,
15अर्थात् उस पौधे की जिसे तेरे दाहिने हाथ ने रोपा, और उस शाखा की जिसे तूने अपने लिए दृढ़ किया है।
16वह आग से जल गई, वह कट गई; तेरे मुख की घुड़की से वे नष्ट हो जाते है।
17तेरा हाथ तेरी दाहिनी ओर के पुरुष पर रहे, अर्थात् उस मनुष्य के पुत्र पर जिसे तूने अपने लिए दृढ़ किया है।
18तब हम तुझसे न मुड़ेंगे। हमको जिला, और हम तेरा नाम लेंगे।
19हे सेनाओं के परमेश्वर यहोवा, हमें पुनःस्थापित कर, और अपने मुख का प्रकाश हम पर चमका तो हम बच जाएंगे।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)