Loading account

नया नियम · तीतुस · अध्याय 1 / 3

तीतुस 1

1पौलुस की ओर से, जो परमेश्वर के चुने हुओं के विश्वास और सत्य के उस ज्ञान के लिए भक्ति के अनुसार है, परमेश्वर का दास व यीशु मसीह का प्रेरित है-

2अनन्त जीवन की उस आशा में जिसकी प्रतिज्ञा परमेश्वर ने, जो झूठ नहीं बोल सकता, अनादिकाल से की है,

3परन्तु अब उचित समय पर उसने अपने ही वचन को उस प्रचार के द्वारा प्रकट किया, जो हमारे उद्धारकर्ता परमेश्वर की आज्ञा के अनुसार मुझे सौंपा गया था-

4तीतुस को, जो एक ही विश्वास की सहभागिता में मेरा सच्चा पुत्र हैः पिता परमेश्वर और हमारे उद्धारकर्ता मसीह यीशु की ओर से अनुग्रह और शान्ति मिले।

5मैं तुझे क्रीत में इस कारण छोड़ कर आया कि शेज बातों को सुधारे और मेरे निर्देेश के अनुसार प्रत्येक नगर में प्राचीनों को नियुक्त करे।

6प्राचीन निर्दोष हो, एक ही पत्नी का पति हो, तथा उसके बच्चे विश्वासी हों, दुराचारी और निरंकुश न हो।

7क्योंकि अध्यक्ष को परमेश्वर का भण्डारी होने के कारण निर्दोष होना आवश्यक है; वह न तो स्वेच्छाचारी, न क्रोधी, न पियक्कड़, न मारपीट करने वाला और न ही नीच कमाई का लोभी हो,

8परन्तु अतिथि-सत्कार करने वाला, भलाई का चाहने वाला, समझदार, न्यायप्रिय, भक्त व आत्म-संयमी हो।

9वह उस विश्वासयोग्य वचन पर स्थिर रहे जो धर्मोपदेश के अनुसार है, जिससे कि वह खरी शिक्षा का उपदेश देने और विरोधियों का मुंह बन्द करने में भी समर्थ हो।

10क्योंकि ऐसे बहुत हैं जो निरंकुश, बकवादी और धोखेबाज हैं, विशेषकर वे जो ख़तना वाले है।

11इनका मुंह अवश्य ही बन्द किया जाना चाहिए, क्योंकि ये नीच कमाई के लिए अनुचित बातें सिखा कर घर के घर बिगाड़ रहे है।

12उन में से एक ने अर्थात् उन्हीं के एक नबी ने कहा है, “क्रीतवासी सदैव झूठे, हिंसक पशु, और आलसी पेटू होते है।”

13यह गवाही सत्य है। इस कारण उन्हें कड़ाई से ताड़ना दिया कर कि वे विश्वास में पक्के हो जाएं,

14और यहूदियों की कल्पित-कथाओं तथा उन लोगों के आदेशों पर ध्यान न दें जो सत्य से भटक जाते है।

15शुद्ध लोगों के लिए सब वस्तुए शुद्ध हैं, परन्तु अशुद्ध तथा अविश्वासी लोगों के लिए कुछ भी शुद्ध नहीं, वरन् उनके मन और विवेक दोनों ही अशुद्ध है।

16वे परमेश्वर को जानने का दावा तो करते हैं, पर अपने कामों से उसका इनकार करते है। वे घृणित और आज्ञा न माने वाले हैं तथा किसी भी भले कार्य के योग्य नही।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)