पुराना नियम · 1 इतिहास · अध्याय 18 / 29
1 इतिहास 18
1इसके बाद ऐसा हुआ कि दाऊद ने पलिश्तियों को पराजित करके उन्हें अपने अधीन कर लिया। उसने गत को उस के नगरों सहित पलिश्तियों के हाथ से छीन लिया।
2उसने मोआबियों को भी पराजित किया, और मोआबी लोग दाऊद के दास हो कर कर देने लगे।
3जब सोबा का राजा हददेजेर फरात महानद तक अपना राज्य स्थिर करने जा रहा था तब दाऊद ने उसे हमात के पास पराजित किया।
4और दाऊद ने उससे एक हजार रथ, सात हजार घुड़सवार, और बीस हजार सैनिक ले लिए, और उसने रथों के सब घोड़ों के घुटनों के पीछे की नस कटवा दी, परन्तु उनमें से एक सौ रथों के लिए घोड़े सुरक्षित रखे।
5और जब दमिश्क से सीरिया के लोग सोबा के राजा हददेजेर की सहायता करने को आए तब दाऊद ने सीरिया के लोगों में से बाईस हजार पुरफ़ष मार डाले।
6फिर दाऊद ने दमिश्क के सीरिया में सिपाहियों की चौकियां स्थापित की। और सीरिया के लोग दाऊद के दास होकर कर देने लगे। और जहां-जहां दाऊद जाता परमेश्वर उसकी सहायता करता था।
7और हददेजेर के कर्मचारियों के पास जो सोने की ढालें थीं उन्हें दाऊद यरूशलेम ले आया। और हददेजेर के तिभत और कून नामक नगरों से दाऊद बहुत-सा कांसा लाया, जिससे सुलैमान ने कांसे का बड़ा हौज और खम्भे और कांसे के पात्र बनवाए।
8और हददेजेर के तिभत और कून नामक नगरों से दाऊद बहुत-सा कांसा लाया, जिससे सुलैमान ने कांसे का बड़ा हौज और खम्भे और कांसे के पात्र बनवाए।
9और जब हमात के राजा तोऊ ने सुना कि दाऊद ने सोबा के राजा हददेजेर की समस्त सेना को पराजित कर दिया है।
10तब उसने अपने पुत्र हदोराम को राजा दाऊद के पास उसका अभिवादन करने और उसे बधाई देने को इसलिए भेजा कि उसने हददेजेर से लड़कर उसे परास्त कर दिया था, क्योंकि हददेज़ेर तोऊ से लड़ा करता था। और हदोराम सोने, चांदी और कांसे के सब प्रकार के पात्र लेकर आया।
11और राजा दाऊद ने इनको भी उस सोने-चांदी के साथ जिसे वह अन्य सब जातियों अर्थात् एदोमियों , मोआबियों, अम्मोनियों, पलिश्तियों, और अमालेकियों से छीन कर लाया था, परमेश्वर के लिए अर्पित किया।
12इसके अतिरिक्त सरूयाह के पुत्र अबीशै ने नमक की तराई में अठारह हजार एदोमियों को परास्त किया।
13तब उसने एदोम में सिपाहियों की चौकियां स्थापित कीं, और सब एदोमी दाऊद के अधीन हो गए। और जहां जहां दाऊद जाता वहां-वहां यहोवा उसकी सहायता करता था।
14इस प्रकार दाऊद समस्त इस्राएल पर राज्य करने लगा, और अपनी सम्पूर्ण प्रजा पर धार्मिकता एवं न्याय के साथ शासन करने लगा।
15सरूयाह का पुत्र योआब प्रधान सेनापति था, अहीलूद का पुत्र यहोशापात अभिलेखक था,
16अहीतूब का पुत्र सादोक और एब्यातार का पुत्र अबीमेलेक याजक थे, शबशा मंत्री था,
17यहोयादा का पुत्र बनायाह करेतियों और पलेतियों का प्रधान था, और दाऊद के पुत्र राजा के साथ मुख्य अधिकारी होकर रहते थे।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)