नया नियम · 1 थिस्सलुनीकियों · अध्याय 3 / 5
1 थिस्सलुनीकियों 3
1इसलिए जब हम और अधिक न सह सके, तब हम ने एथेन्स में अकेले रह जाना अच्छा समझा,
2और हमने अपने भाई और मसीह के सुसमाचार में परमेश्वर के सहकर्मी तीमुथियुस को भेजा कि तुम्हारे विश्वास में तुम्हें दृढ़ और उत्साहित करे,
3जिस से इन क्लेशों से कोई भी विचलित न हो जाए। तुम स्वयं जानते हो कि हम इसी के लिए ठहराए गए है।
4वास्तव में जब हम तुम्हारे साथ थे तो तुम्हें पहिले से ही बताया करते थे कि हमें क्लेश सहने पड़ेंगे, और हुआ भी वैसा ही, जैसा कि तुम जानते हो।
5इस कारण जब मुझ से और न सहा गया तो मैंने तुम्हारे विश्वास का हाल जानने के लिए भी भेजा, कहीं ऐसा न हो कि परीक्षा करने वाले ने तुम्हारी परीक्षा की हो और हमारा परिश्रम व्यर्थ हो गया हो।
6परन्तु अब-जबकि तीमुथियुस तुम्हारे विश्वास तथा प्रेम का शुभ सन्देश लेकर हमारे पास लौट आया है, और उसने यह भी बताया है कि तुम हमें प्रेमपूर्वक स्मरण रखते हो और जैसे हम तुम्हें वेैसे ही तुम भी हमें देखने को तरसते हो-
7इस कारण, हे भाइयो, हमारे सारे कष्टों और पीड़ाओं में भी तुम्हारे विश्वास के कारण हमें तुम्हारे विषय में शान्ति प्राप्त हुईः
8यदि तुम प्रभु में दृढ़ता से स्थिर रहो तो हम सचमुच जीवित है।
9हम उस सारे आनन्द के बदले में परमेश्वर को कैसे धन्यवाद दें जिस से हम तुम्हारे कारण अपने परमेश्वर के सम्मुख आनन्दित होते हैं?
10हम रात-दिन बड़ी लगन से प्रार्थना करते हैं कि तुम्हें देखें, और तुम्हारे विश्वास की घटी पूरी करे।
11अब हमारा परमेश्वर और पिता स्वयं ही तथा हमारा प्रभु यीशु तुम्हारे पास आने में हमारा मार्गदर्शन करे;
12और प्रभु करे कि तुम एक दूसरे के लिए तथा सब मनुष्यों के लिए प्रेम में उन्नति करते और बढ़ते जाओ, जैसा कि हम भी तुम्हारे लिए करते हैं;
13कि जब हमारा प्रभु यीशु अपने सब पवित्र लोगों के साथ आए तो वह तुम्हारे हृदयों को हमारे पिता परमेश्वर के समक्ष पवित्रता में निर्दोष ठहराए।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)