Loading account

नया नियम · 1 थिस्सलुनीकियों · अध्याय 4 / 5

1 थिस्सलुनीकियों 4

1अन्त में, हे भाइयो, हम तुम से प्रभु यीशु में निवेदन करते और तुम्हें समझाते हैं कि जैसे तुमने योग्य चाल चलने और परमेश्वर को प्रसन्न करने की शिक्षा पाई है-जैसा कि तुम सचमुच चलते भी हो-वैसे ही और भी अधिक बढ़ते जाओ।

2क्योंकि तुम जानते हो कि हम ने प्रभु यीशु के अधिकार से तुम्हें कौन-कौन सी आज्ञाएं दी है।

3परमेश्वर की इच्छा है कि तुम पवित्र बनो, अर्थात् व्यभिचार से बचे रहो,

4कि तुम में से प्रत्येक व्यक्ति अपनी पत्नी को आदर और पवित्रता के साथ प्राप्त करना जाने,

5यह अन्यजातियों के समान कामुक होकर नहीं जो परमेश्वर को नहीं जानते,

6कि इस बात में कोई भी अपने भाई का अपराध न करे और न उसे ठगे, क्योंकि प्रभु इन सारी बातों का बदला लेने वाला है, जैसा कि हमने पहिले ही तुम्हें बतलाया तथा गम्भीरतापूर्वक चिताया भी था।

7क्योंकि परमेश्वर ने हमें अशुद्ध होने के लिए नहीं, परन्तु पवित्र होने के लिए बुलाया है।

8परिणामस्वरूप जो इसे अस्वीकार करता है, वह मनुष्य को नहीं वरन् परमेश्वर को अस्वीकार करता है, जो तुम्हें अपना पवित्र आत्मा देता है।

9अब भाईचारे के प्रेम के विषय में यह आवश्यक नहीं कि कोई तुम्हें लिखे, क्योंकि एक दूसरे से प्रेम करना तुमने आप ही परमेश्वर से सीखा है।

10क्योंकि तुम सचमुच समस्त मैसीडोनिया के भाइयों के साथ ऐसा ही व्यवहार करते हो। परन्तु भाइयो, हम तुम से आग्रह करते हैं कि और भी बढ़ते जाओ,

11और जैसी आज्ञा हमने तुम्हें दी है, तुम शान्तिपूर्वक जीवन व्यतीत करने की आकांक्षा रखो, अपने काम से काम रखो और अपने हाथों से परिश्रम करो,

12जिस से बाहर वालों के साथ तुम उचित व्यवहार कर सको और तुम्हें किसी वस्तु का अभाव न रहे।

13परन्तु हे भाइयो, हम नहीं चाहते कि तुम उनके विषय में अनभिज्ञ रहो जो सो गए हैं, और अन्य लोगों के समान शोकित होओ जो आशारहित है।

14हम विश्वास करते हैं कि यीशु मरा और जी भी उठा-इसलिए परमेश्वर उन्हें भी जो यीशु में सो गए हैं, उसके साथ ले आएगा।

15इस कारण हम प्रभु के वचन के अनुसार तुम से कहते हैं कि हम जो जीवित हैं और प्रभु के आने तक बचे रहेंगे सोए हुओं से कदापि आगे न बढ़ेंगे।

16क्योंकि प्रभु स्वयं ललकार और प्रधान स्वर्गदूत की पुकार और परमेश्वर की तुरही की आवाज़ के साथ स्वर्ग से उतरेगा, और जो मसीह में मर गए हैं, वे पहिले जी उठेंगे।

17तब हम जो जीवित हैं और बचे रहेंगे उनके साथ हवा में प्रभु से मिलने के लिए बादलों पर उठा लिए जाएंगे। इस प्रकार हम सदैव प्रभु के साथ रहेंगे।

18इसलिए इन बातों से एक दूसरे को शान्ति दिया करो।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)