पुराना नियम · आमोस · अध्याय 1 / 9
आमोस 1
1आमोस के वचन। वह तकोआ के चरवाहों में से एक था। उसने भूकम्प से दो वर्ष पहले इस्राएल के विषय में यह दर्शन देखा। उस समय उज्जियाह यहूदा का और योआश का पुत्र यारोबाम इस्राएल का राजा था।
2उसने कहा, “यहोवा सिय्योन से गरजता है, और वह यरूशलेम से अपना शब्द-नाद करेगा। चरवाहों के चरागाह विलाप करते हैं, और कर्मेल की चोटी झुलस जाती है।”
3यहोवा यों कहता हैः “दमिश्क के तीन क्या, वरन् चार अपराधों के कारण मैं उसे दण्ड दिए बिना न छोडूंगा, क्योंकि उन्होंने लोहे के दांतेदार यन्त्रें से गिलाद की दांवनी की है।
4इसलिए मैं हजाएल के भवन पर आग भेजूंगा, और वह बेन-हदद के गढ़ों को भस्म कर देगी।
5मैं दमिश्क के फाटक के बेंड़ों को भी तोड़ डालूंगा, और आवेन की घाटी में से उसके रहने वाले को और बेत-एदेन में से उसके राजदण्डधारी को मिटा डालूंगा। इस प्रकार सीरिया के लोग बन्दी होकर कीर को जाएंगे,” यहोवा की यही वाणी है।
6यहोवा यों कहता हैः “मैं गाजा के तीन क्या, वरन् चार अपराधों के कारण, उसे दण्ड दिए बिना न छोडूं़गा, क्योंकि उन्होंने सब लोगों को बन्धुवाई में ले जाकर उन्हें एदोम को सौंप दिया।
7इसलिए मैं गाजा की शहरपनाह में आग लगाऊंगा, और वह उसके गढ़ों को भस्म कर देगी।
8मैं अश्दोद में से उसके निवासियों को, और अश्कलोन में से उसके राजदण्डधारी को मिटा डालूंगा। मैं एक्रोन पर हाथ उठाऊंगा, और फिलिस्तीन के बचे हुए लोग नष्ट हो जाएंगे,” प्रभु यहोवा की यही वाणी है।
9यहोवा यों कहता हैः “सूर के तीन क्या, वरन् चार अपराधों के कारण मैं उसे दण्ड दिए बिना न छोडूंगा, क्योंकि उन्हाेंंने सब लोगों को एदोम को सौंप दिया, और भाईचारे की वाचा का स्मरण न किया।
10इसलिए मैं सूर की शहरपनाह में आग लगा दूंगा और वह उसके गढ़ों को भस्म कर देगी।”
11यहोवा यों कहता हैः “एदोम के तीन क्या, वरन् चार अपराधों के कारण मैं उसे दण्ड दिए बिना न छोड़ूगा, क्योंकि उसने तलवार से अपने भाई को खदेड़ा है, और तनिक भी तरस न खाया वरन् उसका क्रोध लगातार भड़कता रहा, और उसने अपना रोष सदा बनाए रखा।
12इसलिए मैं तेमान पर आग भेजूंगा और वह बोस्रा के गढ़ों को भस्म कर देगी।”
13यहोवा यों कहता हैः “अम्मोनियों के तीन क्या, वरन् चार अपराधों के कारण मैं उन्हें दण्ड दिए बिना न छोड़ूंगा, क्योंकि उन्होंने अपनी सीमा बढ़ाने के लिए गिलाद की गर्भवती स्रियों के पेट को चीर डाला।
14इसलिए मैं रब्बा की शहरपनाह में आग लगाऊंगा, जो युद्ध के दिन, युद्ध की ललकार, और आंधी और तूफान के मध्य उसके गढ़ों को भस्म कर देगी।
15उनका राजा अपने शासकों सहित बन्धुवाई में जाएगा,” यहोवा की यही वाणी है।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)