Loading account

पुराना नियम · आमोस · अध्याय 2 / 9

आमोस 2

1यहोवा यों कहता हैः “मोआब के तीन क्या वरन् चार अपराधों के कारण मैं उसे दण्ड दिए बिना न छोड़ूंगा, क्योंकि उसने एदोम के राजा की हड्डियों को जलाकर चूना बना डाला।

2इसलिए मैं मोआब पर आग भेजूंगा, और वह करिय्योत के गढ़ों को भस्म कर देगी; और मोआब युद्ध की ललकार, कोलाहल और नरसिंगे के स्वरों के बीच मर जाएगा।

3मैं उसके मध्य से न्यायी को भी नष्ट कर दूंगा, और उसके साथ सब शासकों को मार डालूंगा,” यहोवा की यही वाणी है।

4यहोवा यों कहता हैः “यहूदा के तीन क्या वरन् चार अपराधों के कारण मैं उसे दण्ड दिए बिना न छोड़ूंगा, क्योंकि उन्होंने यहोवा की व्यवस्था को त्याग दिया और उसकी विधियों का पालन नहीं किया। उनके झूठे देवताओं ने जिनके पीछे उनके पूर्वज चले थे, उन्हें पथ-भ्रष्ट कर दिया है।

5इसलिए मैं यहूदा पर आग भेजूंगा, और वह यरूशलेम के गढ़ों को भस्म कर देगी।”

6यहोवा यों कहता हैः “इस्राएल के तीन क्या वरन् चार अपराधों के कारण मैं उसे दण्ड दिए बिना न छोडूं़गा, क्योंकि वे धर्मी को रफ़पयों के लिए और दरिद्र को एक जोड़ी जूती के लिए बेच देते है।

7वे कंगालों के सिर की धूलि का भी लालच करते और नम्र के मार्ग में बाधा डालते है। पिता और पुत्र दोनों एक ही कन्या के पास जाते हैं कि मेरे पवित्र नाम को अपवित्र करे।

8और वे गिरवी रखे हुए वस्र प्रत्येक वेदी के पास बिछाकर लेटते और अपने परमेश्वर के भवन में दण्ड के रफ़पयों से खरीदी मदिरा पीते है।

9“मैंने ही एमोरी को उनके सामने नष्ट किया जो देवदार के समान ऊंचा और बांज-वृक्ष के समान मजबूत था। मैंने ऊपर से उसके फलों को और नीचे उसकी जड़ों को भी नष्ट कर दिया।

10मैं ही तुम्हें मिस्र देश से निकाल लाया, और जंगल में चालीस वर्ष तक तुम्हारी अगुवाई करता रहा कि तुम एमोरियों के देश को अपने अधिकार में ले सको।

11फिर मैंने तुम्हारे पुत्रों में से कुछ को नबी होने के लिए और तुम्हारे जवानों में से कुछ को नाजीर होने के लिए खड़ा किया। हे इस्राएलियो, क्या यह सच नहीं?” यहोवा की यही वाणी है।

12परन्तु तुमने नाजीरों को मदिरा पिलाई, और नबियों को यह आदेश दिया, ‘नबूवत मत करो’।

13“देखो, मैं तुम्हारे नीचे ऐसा दब गया हूं जैसे पूलों से भर जाने पर गाड़ी दब जाती है।

14तब तेज दौड़ने वाले को शरणस्थान न मिलेगा, और सामर्थी का सामर्थ्य कुछ काम न आएगा, और न शूरवीर अपने प्राण बचा सकेगा।

15धनुर्धारी खड़ा न रह सकेगा, और तेज धावक बच न पाएगा, और न घुड़सवार अपने प्राण बचा सकेगा।

16उस दिन शूरवीरों में से जो वीर है वह भी नंगा भाग जाएगा,” यहोवा की यही वाणी है।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)