पुराना नियम · एस्तेर · अध्याय 6 / 10
एस्तेर 6
1उस रात राजा को नींद नहीं आई, इसलिए उसने लेखों की अर्थात् इतिहास की पुस्तक लाने की आज्ञा दी और वह राजा के सम्मुख पढ़ी गई।
2उसमें यह वर्णन लिखा हुआ मिला कि राजा के बिगताना और तेरेश नाम के दो खोजों ने, जो द्वारपाल थे, राजा क्षयर्ष को मार डालने की युक्ति बनाई थी, जिसकी सूचना मोर्दकै ने राजा को दी थी।
3तब राजा ने पूछा, “इसके बदले मोर्दकै को क्या सम्मान और आदर मिला?” तब राजा की सेवा-टहल करने वाले सेवकों ने उत्तर दिया, “उसके लिए कुछ भी नहीं किया गया।”
4तब राजा ने पूछा, “आंगन में कौन है?” उस समय हामान राजभवन के बाहरी आंगन में आया था कि फांसी का जो खम्भा उसने बनवाया था उस पर मोर्दकै को लटकाने की चर्चा राजा से करे।
5राजा के सेवकों ने उस से कहा, “आंगन में हामान खड़ा है।” राजा ने कहा, “उसे भीतर आने दो।”
6तब हामान भीतर आया, और राजा ने उससे पूछा, “जिस पुरुष की प्रतिष्ठा राजा करना चाहता हो, उसके लिए क्या किया जाए?” तब हामान ने अपने मन में सोचा, ‘राजा मुझसे अधिक और किसकी प्रतिष्ठा करेगा?”
7तब हामान ने राजा को उत्तर दिया, “राजा जिस मनुष्य की प्रतिष्ठा करना चाहे,
8उसके लिए वह राजसी पोशाक लाई जाए जिसे राजा पहन चुका है, और एक घोड़ा भी जिस पर राजा सवार होता है, वह मुकुट जो राजा के सिर पर रखा जाता है, लाया जाए
9और वह पोशाक और घोड़ा राजा के किसी श्रेष्ठ अधिकारी को सौंप दिया जाए कि उस मनुष्य को जिसका आदर राजा करना चाहता है उसे राजसी वस्त्र पहनाए जाएं, और उसको घोड़े पर सवार कराके नगर के चौक में घुमाया जाए तथा उसके आगे-आगे यह प्रचार किया जाए कि राजा जिसकी प्रतिष्ठा करना चाहता है, उसके साथ ऐसा ही किया जाएगा।”
10तब राजा ने हामान से कहा, “अपने वचन के अनुसार शीघ्र ही राजसी वस्त्र और घोड़े को लेकर उस यहूदी मोर्दकै से जो राजभवन के फाटक पर बैठा करता है, वैसा ही कर, और जो कुछ तूने कहा है, उसमें कुछ भी कमी न आने पाए।”
11तब हामान ने राजसी वस्त्र लेकर मोर्दकै को पहनाए और उसे घोड़े पर बैठाकर नगर के चौक में घुमाया। और उसके आगे-आगे चलते हुए यह प्रचार करता गया, “राजा जिस व्यक्ति की प्रतिष्ठा करना चाहता है उसके साथ ऐसा ही किया जाएगा।”
12तब मोर्दकै राजभवन के फाटक पर लौट आया, परन्तु हामान शोक करते हुए और सिर ढांपे शीघ्र अपने घर चला गया।
13और हामान ने अपनी पत्नी जेरेश और अपने सब मित्रों से वह सब जो उसके साथ हुआ था कह सुनाया। तब उसके सलाहकारों और उसकी पत्नी जेरेश ने उससे कहा, “यदि मोर्दकै जिसके सामने तेरा पतन होता जा रहा है, यहूदी वंश का है, तो तू उस पर प्रबल नहीं हो पाएगा, परन्तु उसके सामने निश्चय तेरा पतन हो जाएगा।”
14वे उससे बातचीत कर ही रहे थे कि राजा के खोजे वहां आ पहुंचे और शीघ्र ही हामान को एस्तेर के द्वारा दिए गए भोज में बुला ले गए।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)