Loading account

पुराना नियम · हाग्गै · अध्याय 1 / 2

हाग्गै 1

1दारा राजा के शासनकाल के दूसरे वर्ष के छठवें माह के पहले दिन यहूदा के राज्यपाल शालतीएल के पुत्र जरुब्बाबेल और यहोसादाक के पुत्र यहोशू महायाजक के पास, हाग्गै नबी के द्वारा यहोवा का यह वचन पहुंचाः

2“सेनाओं का यहोवा यों कहता हैः यह प्रजा कहती है कि वह समय अर्थात् यहोवा का भवन पुनः बनाने का समय अभी भी नहीं आया है।”

3फिर हाग्गै नबी के द्वारा यहोवा का यह वचन पहुंचाः

4“क्या यह तुम्हारे लिए पक्के मकान में रहने का समय है जबकि यहोवा का यह भवन खंडहर पड़ा है?”

5इसलिए अब सेनाओं का यहोवा यों कहता हैः “अपने आचरण पर विचार करो!

6तुमने बोया बहुत पर काटा थोड़ा, तुम खाते तो हो परन्तु तृप्त नहीं होते, तुम पीते तो हो पर प्यास नहीं बुझती, तुम कपड़े पहनते तो हो पर गर्म नहीं होते, जो कमाता है वह अपनी मजदूरी छेद वाली थैली में रखता है।”

7सेनाओं का यहोवा यों कहता हैः “अपने आचरण पर विचार करो।

8यहोवा ने कहा है कि पहाड़ पर जाकर लकड़ी ले आओ और भवन को फिर से बनाओ जिससे मैं प्रसन्न होऊं और मेरी महिमा हो।

9तुम बहुत फसल पाने की आशा तो करते हो पर देखो वह थोड़ी ही निकलती है। जब तुम उसे घर लाते हो, मैं उसे उड़ा देता हू। ऐसा क्यों? सेनाओं के यहोवा की यह वाणी है; क्योंकि मेरा भवन तो उजाड़ पड़ा है और तुममें से प्रत्येक अपने घर की ओर दौड़ा चला जाता है।

10इसलिए तुम्हारे कारण ही आकाश ने ओस गिराना और पृथ्वी ने अन्न उपजाना बन्द कर दिया है।

11और मैंने भूमि, पर्वत, अनाज, नए दाखरस, ताजे तेल और भूमि की उपज, मनुष्यों, पशुओं और तुम्हारे हाथ के सम्पूर्ण परिश्रम पर सूखा बुलाया है।”

12तब शालतीएल के पुत्र जरुब्बाबेल और यहोसादाक के पुत्र यहोशू महायाजक ने सब बचे हुए लोगों के साथ यहोवा अपने परमेश्वर की बात मानी और उसके भेजे हुए नबी हाग्गै के वचनों का पालन किया, और लोगों ने यहोवा का भय माना।

13तब यहोवा के दूत हाग्गै ने यहोवा के आदेशानुसार लोगों से कहा, “यहोवा की यह वाणी है कि मैं तुम्हारे साथ हू।”

14तब यहोवा ने शालतीएल के पुत्र, यहूदा के राज्यपाल जरुब्बाबेल और यहोसादाक के पुत्र यहोशू महायाजक के और बच कर लौटे हुए सब लोगों के मन को उभारा। अतः वे आकर अपने परमेश्वर अर्थात् सेनाओं के यहोवा के भवन को बनाने में लग गए।

15यह दारा राजा के दूसरे वर्ष के छठवें महीने के चौबीसवें दिन हुआ।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)