पुराना नियम · होशे · अध्याय 10 / 14
होशे 10
1इस्राएल लहलहाती हुई दाखलता है, उसमें फल लगते है। जितने अधिक उसमें फल लगे उतनी ही अधिक उसकी वेदियां बनी। उसकी भूमि जितनी अधिक अच्छी बनी, उतनी ही अच्छी उसकी लाटें भी बनी।
2उनका मन विश्वासघाती है, उन्हें अपने अधर्म का दण्ड भुगतना पड़ेगा। यहोवा उनकी वेदियों को ढा देगा, और उनकी लाटों को नष्ट कर देगा।
3निश्चय ही अब वे कहेंगे, “हमारा कोई राजा नहीं, क्योंकि हम यहोवा का आदर नहीं करते। राजा हमारे लिए क्या करेगा?”
4वे केवल बातें बनाते हैं, वे झूठी शपथ खाकर वाचा बांधते है। अब खेत की रेघारियों में विषैले धतूरे के समान दण्ड फूले-फलेगा।
5सामरिया के निवासी बेत-आवेन के बछड़े के लिए भयभीत होंगे। वरन् उसके निवासी उसके लिए विलाप करेंगे और उसके मूर्तिपूजक पुजारी उसकी प्रतिष्ठा के लिए रोएंगे क्योंकि वह वहां से उठ गई है।
6वह यारेब राजा की भेंट के लिए अश्शूर ले जाया जाएगा। एप्रैम अपमानित होगा, और इस्राएल अपनी ही युक्ति से लज्जित होगा।
7जल पर के तिनके के समान, सामरिया अपने राजा सहित नष्ट कर दिया जाएगा।
8आवेन के ऊंचे स्थान भी जो इस्राएल का पाप है, नष्ट कर दिए जाएंगे। उनकी वेदियों पर कांटे और ऊंटकटारे उगेंगे। उस समय लोग पर्वतों से कहेंगे, “हमें छिपा लो,” और पहाड़ियों से कहेंगे, “हम पर गिर पड़ो।”
9“हे इस्राएल, तू गिबा के दिनों से पाप करता आया है। ये लोग उसी में बने रहे है। क्या गिबा में कुटिल मनुष्य युद्ध में नहीं फंसे?
10जब मेरी इच्छा होगी मैं इन्हेंं ताड़ना दूंगा, और जब वे अपने दोहरे अपराध के लिए दण्डित किए जाएंगे, तब देश-देश के लोग इनके विरफ़द्ध इकट्ठे होंगे।
11“एप्रैम प्रशिक्षित बछिया है जो दावना पसन्द करती है, पर मैं उसकी सुन्दर गर्दन पर जूआ रखूँगा, मैं एप्रैम को जोतूंगा। यहूदा हल और याकूब हेंगा खींचेगा।
12अपने लिए धार्मिकता बोओ और करफ़णा की कटनी काटो। अपनी परती भूमि को जोतो, क्योंकि समय आ गया है कि तुम यहोवा के खोजी बनो जिससे वह आकर तुम पर धार्मिकता की वर्षा करे।
13तुमने दुष्टता बोई और अधर्म की कटनी काटी है। तुमने झूठ का फल खाया है। तुमने अपने ही उपायों और अपने बहुत-से योद्धाओं पर भरोसा रखा है,
14इसलिए तुम्हारे लोगों में हुल्लड़ मचेगा, और तुम्हारे सारे गढ़ ऐसे नष्ट कर दिए जाएंगे जैसे शल्मन ने युद्ध के दिन बेत-अर्बेल को नष्ट कर दिया था। उस समय माताएं अपने बच्चों सहित पटक कर टुकड़-टुकड़े कर दी गई थी।
15तुम्हारी अत्यन्त दुष्टता के कारण बेत-एल में तुम्हारे साथ ऐसा ही किया जाएगा। भोर होते ही इस्राएल का राजा पूर्णरूप से मिटा दिया जाएगा।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)