Loading account

पुराना नियम · होशे · अध्याय 5 / 14

होशे 5

1“हे याजको, यह बात सुनो! हे इस्राएल के घराने, ध्यान दे! हे राजा के घराने, सुन! तुम्हारा न्याय किया जाता है, क्योंकि तुम मिस्पा में फन्दा और ताबोर का फैलाया हुआ जाल रहे हो।

2विद्रोही दुष्टता में लिप्त हो गए हैं, परन्तु मैं उन सब को ताड़ना दूंगा।

3मैं एप्रैम को जानता हूं, और इस्राएल मुझसे छिपा नहीं है। हे एप्रैम, अब तूने वेश्यावृत्ति की है, इस्राएल ने अपने आपको भ्रष्ट कर लिया है।

4उनके कार्य उन्हें अपने परमेश्वर की ओर लौटने नहीं देते, क्योंकि उनमें वेश्यावृत्ति की आत्मा है और वे यहोवा को नहीं जानते।

5इसके अतिरिक्त इस्राएल का अहंकार उसी के विरफ़द्ध साक्षी देता है, और इस्राएल तथा एप्रैम अपने अधर्म में ठोकर खाते है। उनके साथ यहूदा भी ठोकर खा चुका है।

6वे अपनी भेड़-बकरी और गाय-बैल को लेकर यहोवा की खोज में जाएंगे पर उसे न पाएंगे, वह तो उनसे दूर हो गया है।

7उन्होंने यहोवा से विश्वासघात किया है, क्योंकि उन्होंने अवैध सन्तान उत्पन्न की है। अब नया चांद उन्हें और उनके देश को निगल जाएगा।

8“गिबा में नरसिंगा और रामा में तुरही फूंको। बेत-आवेन में ललकार कर कहो, ‘हे बिन्यामीन, अपने पीछे देख।’

9न्याय के दिन एप्रैम उजाड़ हो जाएगा, जो निश्चित है मैं उसी की घोषणा इस्राएल के मध्य करता हू।

10यहूदा के प्रधान तो सीमा बढ़ा लेने वालों के समान हैं, उन पर मैं अपना रोष जल के समान उंडेल दूंगा।

11एप्रैम दबा हुआ है, न्याय में कुचल दिया गया है, क्योंकि उसने मनुष्य की आज्ञापालन करने का निश्चय किया था।

12इसलिए मैं एप्रैम के लिए कीड़े और यहूदा के घराने के लिए सड़ाहट के समान हू।

13जब एप्रैम ने अपना रोग, और यहूदा ने अपना घाव देखा, तो एप्रैम अश्शूर के पास गया, हां, यारेब राजा के पास उसने दूत भेजा। परन्तु न तो वह तुम्हें चंगा कर सकता और न तुम्हारा घाव अच्छा कर सकता है।

14क्योंकि मैं एप्रैम के लिए सिंह और यहूदा के घराने के लिए जवान सिंह बनूंगा। मैं, हां, मैं ही टुकड़े-टुकड़े करके चल दूंगा। मैं उठा ले जाऊंगा और कोई छुड़ाने वाला न रहेगा।

15जब तक वे अपना अपराध अंगीकार करके मेरे दर्शन के खोजी न हों, उस समय तक के लिए मैं चला जाऊंगा और अपने स्थान को लौटूंगा। जब वे संकट में पड़ेंगे तो मुझे लगन से खोजेंगे।”

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)