Loading account

पुराना नियम · यिर्मयाह · अध्याय 24 / 52

यिर्मयाह 24

1जब बेबीलोन का राजा नबूकदनेस्सर यरूशलेम से यहोयाकीम के पुत्र यहूदा के राजा यकुन्याह और यहूदा के अधिकारियों को कारीगरों और लोहारों समेत बेबीलोन में बन्धुवा बनाकर ले गया, तत्पश्चात् देखो, यहोवा ने मुझे दर्शन में यह दिखायाः देखो, यहोवा के मन्दिर के सम्मुख अंजीर के दो टोकरे रखे है।

2एक टोकरे में तो पहले पके अंजीर के समान अच्छे अंजीर थे। और दूसरे में ऐसे निकम्मे अंजीर थे जो सड़े होने के कारण खाए भी नहीं जा सकते थे।

3तब यहोवा ने मुझसे पूछा, “हे यिर्मयाह, तुझे क्या दिखाई देता है?” और मैंने कहा, “अंजीर! अच्छे अंजीर तो अत्यन्त अच्छे हैं, और बुरे अंजीर अत्यन्त निकम्मे हैं जो सड़े होने के कारण खाए नहीं जा सकते।”

4तब यहोवा का यह वचन मेरे पास पहुंचा,

5“इस्राएल का परमेश्वर यहोवा इस प्रकार कहता है, ‘इन अच्छे अंजीरों के समान ही मैं यहूदा के उन बन्दियों से प्रसन्न होऊंगा, जिन्हेंं मैंने उनके देश से निकालकर कसदियों के देश में पहुंचा दिया है।

6मैं उन पर कृपादृष्टि करूंगा और उन्हें फिर इस देश में लौटा लाऊंगा। मैं उन्हें बनाऊंगा, बिगाड़ूंगा नहीं, उन्हें रोपूंगा, उखाड़ूंगा नही।

7मैं उन्हें ऐसा मन दूंगा कि वे मुझे जानें, क्योंकि मैं ही यहोवा हू। वे मेरी प्रजा और मैं उनका परमेश्वर ठहरूंगा क्योंकि वे अपने सम्पूर्ण मन से मेरी ओर फिरेंगे।

8“‘परन्तु उन बुरे अंजीरों के समान ही जो सड़े होने के कारण खाए नहीं जा सकते, मैं यहूदा के राजा सिदकिय्याह और उसके अधिकारियों और यरूशलेम के शेष निवासियों को जो इस देश में रह जाएंगे और उन्हें भी जो मिस्र में जा बसेंगे, त्याग दूंगा-यहोवा की यही वाणी है।

9मैं उन्हें पृथ्वी के समस्त राज्यों के लिए आतंक और दुष्टता का कारण, तथा उन सब स्थानों में जहां-जहां मैं उन्हेंं तितर-बितर करूंगा उन्हें बदनामी, उदाहरण, उपहास और शाप का कारण बनाऊंगा।

10और मैं उन्हें तलवार, अकाल और महामारी से तब तक मारूंगा जब तक कि वे उस देश से जिसे मैंने उन्हें और उनके पूर्वजों को दिया था मिट न जाए’।”

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)