पुराना नियम · न्यायियों · अध्याय 10 / 21
न्यायियों 10
1अबीमेलेक की मृत्यु के पश्चात् एक इस्साकारी, दोदो का पुत्र पुआ का बेटा तोला, इस्राएल को छुड़ाने के लिए उठा। वह एप्रैम के पहाड़ी देश के शामीर में रहता था।
2उसने तेईस वर्ष तक इस्राएल का न्याय किया। तब वह मर गया और उसे शामीर में मिट्टी दी गई।
3उसके बाद गिलादी याईर उठा, उसने बाइस वर्ष तक इस्राएल का न्याय किया।
4उसके तीस पुत्र थे जो तीस गदहों पर सवार होते थे और उनके पास गिलाद देश में तीस नगर भी थे, जो आज तक हब्बोत-याईर कहलाते है।
5फिर याईर मर गया और उसे कामोन में मिट्टी दी गई।
6तब इस्राएलियों ने फिर यहोवा की दृष्टि में बुरा किया। उन्होंने बाल देवताओं, अश्तारोत देवियों तथा अराम, सीदोन, मोआब, अम्मोनियों के देवताओं और पलिश्तियों के देवताओं की उपासना की और यहोवा को त्याग दिया और उसकी उपासना न की।
7तब यहोवा का क्रोध इस्राएल पर भड़का और उसने उन्हें पलिश्तियों और अम्मोनियों के अधीन कर दिया।
8और उस वर्ष वे इस्राएलियों को सता कर पीसते रहे। और अठारह वर्ष तक यरदन के पार एमोरियों के देश गिलाद में रहने वाले इस्राएलियों को अत्यन्त दुःख देते रहे।
9और अम्मोनी लोग यरदन के पार जाकर यहूदा, बिन्यामीन, और एप्रैम के घराने से भी युद्ध करते थे। अतः इस्राएल बड़े संकट में पड़ गया।
10तब इस्राएलियों ने यह कहकर यहोवा की दुहाई दी, “हमने तेरे विरुद्ध पाप किया है, क्योंकि वास्तव में हमने अपने यहोवा को छोड़कर बाल देवता की उपासना की है।”
11और यहोवा ने इस्राएलियों से कहा, “क्या मैंने तुमको मिस्रियों, एमोरियों, अम्मोनियों और पलिश्तियों के हाथ से नहीं छुड़ाया था?
12और जब सीदोनियों, अमालेकियों, और अम्मोनियों ने भी तुम पर अत्याचार किया और तुमने मेरी दुहाई दी तो क्या मैंने उनके हाथों से तुमको नही छुड़ाया था।?
13फिर भी तुमने मुझे त्याग कर पराए देवताओं की उपासना की है इसलिए अब मैं तुम्हें न छुड़ाऊँगा।
14जाओ और उन देवताओं को पुकारो जिन्हें तुमने चुन लिया है; अब तुम्हारे संकट के समय वे ही तुम्हें छुड़ाए।”
15तब इस्राएलियों ने यहोवा से कहा, “हमने पाप किया है, जो कुछ तुझे भला लगे वही हमसे कर, पर कृपा करके इस बार हमें छुड़ा ले”।
16तब उन्होंने पराए देवताओं को अपने मध्य से अलग कर दिया और यहोवा की उपासना की; और यहोवा इस्राएल की दुर्दशा को और अधिक न देख सका।
17तब अम्मोनी बुलाए गए और उन्होंने गिलाद में डेरे डाले। और इस्राएलियों ने भी इकट्ठे होकर मिस्पा में डेरे डाले।
18और गिलाद के लोगाें और अगुवों ने आपस में कहा, “कौन पुरुष अम्मोनियों से युद्ध आरम्भ करेगा? वही गिलाद के सब निवासियों का प्रधान ठहरेगा।”
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)