Loading account

पुराना नियम · लैव्यवस्था · अध्याय 1 / 27

लैव्यवस्था 1

1तब यहोवा ने मूसा को बुलाकर मिलाप वाले तम्बू में से उससे बातें कीं और कहाः

2इस्राएलियों से बातें कर और उनसे यह कहः जब तुममें से कोई मनुष्य यहोवा के लिए बलिदान लाए तो वह गाय-बैलों अथवा भेड़-बकरियों में से ही लेकर चढ़ाए।

3यदि उसका चढ़ावा गाय-बैलों में से होमबलि हो तो वह दोषरहित नर को चढ़ाए। वह उसे मिलापवाले तम्बू के द्वार पर चढ़ाए कि वह स्वयं यहोवा के सम्मुख ग्रहणयोग्य ठहरे।

4और वह होमबलि के पशु के सिर पर अपना हाथ रखे, तब वह उसके बदले में उसके प्रायश्चित्त के लिए ग्रहण किया जाएगा।

5और वह उस बछड़े को यहोवा के सामने बलि करे, और हारून के पुत्र जो याजक हैं लहू को चढ़ाएं और उस वेदी पर चारों ओर छिड़कें जो मिलापवाले तम्बू के द्वार पर है।

6तब वह उस होमबलि के पशु की खाल उतार कर उस पशु के टुकड़े-टुकड़े कर दे।

7फिर हारून याजक के पुत्र वेदी पर आग रखें और आग पर लकड़ी सजाकर रखें,

8और हारून के पुत्र जो याजक हैं वे सिर और चरबी समेत पशु के टुकड़ों को उस लकड़ी पर जो वेदी की आग पर है सजाकर रखें,

9परन्तु वह उसकी अँतड़ियों और पैरों को जल से धोए। तब याजक इन सब को होमबलि करके वेदी पर भस्म करे कि वह यहोवा के लिए सुखदायक सुगन्ध वाली अग्नि बलि ठहरे।

10“परन्तु यदि वह रेवड़ में से भेड़ या बकरे की होमबलि चढ़ाए तो दोषरहित नर चढ़ाए।

11और वह उसे वेदी की उत्तरी ओर यहोवा के सम्मुख चढ़ाएं और हारून के पुत्र जो याजक हैं उसके लहू को वेदी पर चारों ओर छिड़के।

12तब वह उसे टुकड़े-टुकड़े करे और याजक उन टुकड़ों को सिर और चरबी सहित उस लकड़ी पर जो वेदी की आग पर है सजाकर रखे।

13उसकी अँतड़ियों और पैरों को वह जल से धोए। और याजक सबको ले जाकर वेदी पर होम करे। यह होमबलि अर्थात् यहोवा के लिए सुखदायक सुगन्ध वाली अग्निबलि ठहरेगी।

14“परन्तु यदि वह यहोवा के लिए पक्षियों की होमबलि चढ़ाए तो पंडुकों अथवा कबूतर के बच्चों का चढ़ावा लाए।

15तब याजक उसको वेदी पर लाए और उसकी गर्दन मरोड़कर सिर अलग करे, तब उसे वेदी पर होम कर दे, और उसका लहू वेदी के बाजू पर गिराया जाए।

16और वह गल-थैली और पंखों को निकालकर वेदी के पूर्व की ओर राख डालने के स्थान पर फेंक दे।

17तब वह दोनों पंखों को पकड़कर उसे चीरे, परन्तु उन्हें अलग-अलग न करे। तब याजक उसको वेदी पर उस लकड़ी के ऊपर रख कर जो आग पर होगी, होम करे। यह एक होमबलि अर्थात् यहोवा के लिए सुखदायक सुगन्ध वाली अग्निबलि ठहरेगी।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)