Loading account

पुराना नियम · लैव्यवस्था · अध्याय 2 / 27

लैव्यवस्था 2

1“और जब कोई यहोवा के सामने अन्नबलि का चढ़ावा चढ़ाए तो उसका चढ़ावा उत्तम मैदे का हो, और वह उस पर तेल डालकर लोबान रखे।

2और वह उसे हारून के पुत्रों के पास जो याजक हैं लाए, और उसमें से एक मुट्ठी उत्तम मैदा इस प्रकार से ले कि तेल सहित समस्त लोबान भी साथ आ जाए। और याजक उसे स्मरणार्थ भाग के रूप में वेदी पर होम करे कि वह यहोवा के सम्मुख सुखदायक सुगन्ध वाली अग्निबलि ठहरे

3और अन्नबलि का बचा हुआ अंश हारून और उसके पुत्रों का हो। यह यहोवा की अग्निबलियों में परमपवित्र ठहरेगा।

4“और जब तू तन्दूर में पकी हुई अन्नबलि चढ़ाने के लिए लाए, तो वह तेल से सने हुए उत्तम अख़मीरी मैदे के फुलकों की हो या फिर तेल से चुपड़ी हुई अख़मीरी चपातियों की हो।

5और यदि तेरा अन्नबलि का चढ़ावा तवे पर पकाया हुआ हो, तो तेल से सने हुए उत्तम अख़मीरी मैदे का हो।

6तू उसके टुकड़े- टुकड़े करके उस पर तेल डालना। यह अन्नबलि ठहरेगी।

7यदि तेरी अन्नबलि का चढ़ावा कड़ाही में पका हो, तो वह तेल और मैदे का बना हो।

8और जब तू यहोवा के सम्मुख इन विधियों से तैयार की गई अन्नबलि लाए, तो वह याजक को सौंपी जाए, और वह उसे वेदी तक लाए।

9तब याजक अन्नबलि में से स्मरणार्थ भाग लेकर उसे वेदी पर होम करे कि वह यहोवा के लिए सुखदायक सुगन्ध वाली अग्निबलि ठहरे।

10और अन्नबलि का शेष भाग हारून और उसके पुत्रों का ठहरे। यहोवा के लिए आग पर चढ़ाए गए चढ़ावों में यह परमपवित्र होगा।

11“यहोवा के लिए चढ़ाई जाने वाली कोई भी अन्नबलि ख़मीर मिलाकर न बनाई जाए, तू यहोवा के लिए अग्निबलि में ख़मीर या मधु को कभी होम न करना।

12तुम इन्हें पहली उपज के चढ़ावे-स्वरूप यहोवा के सम्मुख लाना, परन्तु ये सुखदायक सुगन्ध के रूप में वेदी पर न चढ़ाई जाए।

13अपनी प्रत्येक अन्नबलि को नमकीन भी करना कि अन्नबलि का चढ़ावा तेरे परमेश्वर के साथ बंधी वाचा के नमक से रहित न होने पाए। तू अपने समस्त चढ़ावों को नमक के साथ चढ़ाना।

14“यदि तू पहले पकी हुई उपज की अन्नबलि यहोवा के सम्मुख चढ़ाए, तो अपनी पहली पकी हुई उपज के अन्नबलि के रूप में भुनी हुई ताजी अनाज की बालें अर्थात् हाथ से आग में निकाले गए अन्न को यहोवा के सम्मुख चढ़ाना।

15फिर तू इस पर तेल डालना और इस पर लोबान रखना, यह अन्नबलि ठहरेगी।

16और याजक मल- मलकर निकाले अन्न में से और तेल में से स्मरणार्थ भाग को और सारे लोबान को होम कर दे। यह यहोवा के सम्मुख अग्निबलि ठहरेगी।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)