Loading account

पुराना नियम · लैव्यवस्था · अध्याय 3 / 27

लैव्यवस्था 3

1“यदि कोई मेलबलि का चढ़ावा चढ़ाए और वह मवेशियों में से चढ़ाए तो चाहे गाय हो या बैल, यहोवा के सम्मुख दोषरहित पशु ही चढ़ाए।

2और वह मिलाप-वाले तम्बू के द्वार पर अपना हाथ अपने बलि-पशु के सिर पर रखकर उसे बलि करे। फिर हारून के पुत्र जो याजक हैं उसके लहू को वेदी पर चारों ओर छिड़के।

3वह मेलबलि में से यहोवा के लिए अग्निबलि प्रस्तुत करे अर्थात् वह चरबी जिससे अँतड़ियाँ ढँपी रहती है, और वह सारी चरबी जो अँतड़ियों पर लिपटी रहती है,

4दोनों गुर्दे और उनके ऊपर की चरबी जो कमर के पास रहती है, और गुर्दों सहित कलेजे के ऊपर से निकाली हुई झिल्ली।

5तब हारून के पुत्र इन सबको वेदी पर रखी उस होमबलि के ऊपर धुएं में जलाएं जो आग पर रखी लकड़ियों के ऊपर है। यह यहोवा के लिए सुखदायक सुगन्ध वाली अग्निबलि ठहरेगी।

6“परन्तु यदि यहोवा के लिए कोई भेड़-बकरियों में से मेलबलि का चढ़ावा चढ़ाए तो चाहे नर चढ़ाए या मादा, वह दोषरहित पशु ही चढ़ाए।

7यदि वह मेमना चढ़ाता हो तो उसे यहोवा के सामने चढ़ाए।

8वह मिलापवाले तम्बू के सामने अपने हाथ बलि-पशु के सिर पर रखकर उसे बलि करे। फिर हारून के पुत्र उसके लहू को वेदी पर चारों ओर छिड़के।

9और वह मेलबलि में से यहोवा के लिए अग्निबलि प्रस्तुत करे अर्थात् रीढ़ के पास से अलग की हुई चरबी-भरी पूँछ, और वह चरबी जिससे अँतड़ियाँ ढँपी रहती है, और वह सारी चरबी जो अँतड़ियों पर लिपटी रहती है,

10और दोनों गुर्दे और उनके ऊपर की चर्बी जो कमर के पास रहती है, तथा गुर्दों सहित कलेजे के ऊपर की झिल्ली, इन सभों को वह अलग करे।

11और याजक इन्हें वेदी पर होम करे। यह यहोवा के लिए भोजन अर्थात् अग्निबलि ठहरेगी।

12“और यदि कोई बकरा या बकरी का चढ़ावा चढ़ाए तो उसे यहोवा के सम्मुख चढ़ाए।

13और वह मिलापवाले तम्बू के सामने पशु के सिर पर अपना हाथ रखकर उसे बलि करे, और हारून के पुत्र उसके लहू को वेदी पर चारों ओर छिड़के।

14और वह उसमें से यहोवा के लिए अग्निबलि का चढ़ावा प्रस्तुत करे, अर्थात् वह चरबी जिससे अँतड़ियां ढँपी रहती हैं, और वह सब चरबी जो अँतड़ियों पर लिपटी रहती है,

15और दोनो गुर्दे और उनके ऊपर की चरबी जो कमर के पास रहती है, तथा गुर्दों सहित कलेजे के ऊपर की झिल्ली, इन सभों को वह अलग करे।

16और याजक इन्हें वेदी पर होम करे। यह भोजन अर्थात् सुखदायक सुगन्ध वाली अग्निबलि ठहरेगी। सब चरबी यहोवा ही की है।

17यह पीढ़ी से पीढ़ी तक जहां-जहां तुम रहोगे, सदा की विधि ठहरेगीः तुम चरबी और लहू कभी न खाना।”

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)