Loading account

पुराना नियम · मीका · अध्याय 1 / 7

मीका 1

1सामरिया और यरूशलेम के विषय में यहोवा का वह वचन जो यहूदा के राजा योताम, आहाज और हिजकिय्याह के दिनों में मीका मोरेशेती को दर्शन में मिला। सामरिया और यरूशलेम का दण्ड

2हे जाति-जाति के सब लोगो, सुनो! हे पृथ्वी और उसके सब लोगो, कान लगाओ! प्रभु यहोवा, हां, प्रभु ही अपने पवित्र मन्दिर से तुम्हारे विरफ़द्ध साक्षी दे।

3क्योंकि देखो, परमेश्वर अपने निवासस्थान से बाहर निकल रहा है, वह नीचे उतरेगा और पृथ्वी के ऊंचे स्थानों को रौंदेंगा।

4और पर्वत उसके नीचे पिघल जाएंगे, और घाटियां फट जाएंगी। वे आग से पिघलती मोम और ढाल से बहते जल के समान हो जाएंगे।

5यह सब याकूब के अपराधों और इस्राएल के घराने के पाप का परिणाम है। याकूब का अपराध क्या है? क्या सामरिया नहीं? और यहूदा के ऊंचे स्थान क्या हैं? क्या यरूशलेम नहीं?

6इसलिए मैं सामरिया को मैदान के खंडहर का ढेर, हां, दाख लगाने का स्थान बना डालूंगा। मैं उसके पत्थरों को घाटी में लुढ़का दूंगा और उसकी नींव को उखाड़ फेंकूंगा।

7उसकी सब मूर्तियां टुकड़े-टुकड़े कर दी जाएंगी, और उसकी सारी कमाई आग में भस्म कर दी जाएगी, और उसकी सब मूर्तियों को मैं चकनाचूर कर डालूंगा, क्योंकि उसने इन्हें वेश्यावृत्ति के द्वारा संचित किया है और वह सब फिर से वेश्यावृत्ति की कमाई हो जाएगी।

8इस कारण मैं चिल्ला-चिल्लाकर विलाप करूंगा, और निर्वस्र होकर नंगे पांव फिरूंगा। मैं गीदड़ों के समान चिल्लाऊंगा और शुतुर्मुर्गों के समान कराहूंगा।

9क्योंकि उसका घाव असाध्य है, और वह यहूदा तक आ पहुंचा है, वह मेरे लोगों के फाटकों तक वरन् यरूशलेम तक पहुंच गया है।

10गत नगर में इसकी चर्चा मत करो और बिल्कुल मत रोओ। बेत-ल-आप्रा की धूल में लोटो।

11हे शापीर की रहने वाली, निर्लज्ज होकर नंगी चली जा, सानान की रहने वाली निकल नहीं सकती, बेत- एसेल के विलाप के कारण उसका सहारा तुझसे ले लिया जाएगा।

12क्योंकि मारोत की रहने वाली कुशल की प्रतिक्षा करते-करते दुर्बल हो गई है, क्योंकि यहोवा की ओर से विपत्ति आ पड़ी है जो यरूशलेम के फाटक तक पहुंच चुकी है।

13हे लाकीश की रहने वाली, घोड़ों की जोड़ियों को रथ में जोत। तुझ ही से सिय्योन की पुत्री का पाप आरम्भ हुआ, क्योंकि इस्राएल के अपराध भी तुझमें ही पाए गए।

14इसलिए तू मोरेशेत-गत को विदाई की भेंट दे। अकजीब के घर के लोग इस्राएल के राजाओं से छल ही करेंगे।

15और हे मारेशा की रहने वाली, मैं तेरे पास ऐसा व्यक्ति भेजूंगा जो तुझको अपने अधिकार में कर लेगा, और इस्राएल की प्रतिष्ठा अदुल्लाम में होगी।

16अपने लाड़ले बच्चों के लिए अपना केश कटवाकर सिर मुड़ा वरन् अपना पूरा सिर गिद्ध के समान गंजा कर दे, क्योंकि वे निर्वासित होकर तेरे पास से चले जाएंगे।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)