Loading account

पुराना नियम · मीका · अध्याय 2 / 7

मीका 2

1हाय उन पर जो अधर्म की योजना बनाते और अपने बिछौनों पर बुराई की कल्पना करते हैं, और सामर्थी होने के कारण भोर होते ही उसे पूरा करते हैं!

2वे लालच करके खेतों को अपने वश में कर लेते हैं और घरों को छीन लेते हैं, वे मनुष्य और उसके घर पर, हां, मनुष्य और उसकी मीरास पर अधिकार करते है।

3इसलिए यहोवा यों कहता हैः “देख, मैं इस जाति पर ऐसी विपत्ति लाने वाला हूं जिसके नीचे से तूम अपनी गर्दन हटा न सकोगे, और न ही घमंड से सिर ऊंचा करके चल सकोगे, क्योंकि वह विपत्ति का समय होगा।

4उस दिन वे तुम्हारे विरफ़द्ध उपहास का गीत गाएंगे और अत्यन्त शोकित होकर कहेंगे कि हमारा सर्वनाश हो गया। उसने मेरे लोगों का भाग बदल डाला है। उसने इसे किस प्रकार मुझसे अलग हटा दिया है! उसने हमारा खेत विद्रोहियों को बांट दिया है।

5इसलिए यहोवा की मंडली में तुम्हारा ऐसा कोई न होगा जो तुम्हारे लिए डोरी से भूमि नापने को चिट्ठी डाले।

6“‘नबूवत न करो!’ वे ऐसा कहते है। परन्तु यदि वे इन बातों की नबूवत न करें फिर भी निन्दा उनसे दूर नहीं होगी।

7हे याकूब के घराने, क्या यह कहा जा रहा है कि यहोवा का आत्मा अधीर हो गया है? क्या ये सब उसी के कार्य हैं? क्या मेरे वचन खराई से चलने वाले की भलाई नहीं करते?

8अभी-अभी मेरे लोग शत्रु के समान उठ खड़े हुए है। तुम इस्राएल भाइयों के अर्थात् निश्चिंत चलते राहियों के वरन् जो युद्ध से लौटते हैं उनके भी वस्र छीन लेते हो।

9तुम मेरी प्रजा की स्रियों को उनके सुखमय घरों से निकाल देते हो, और उनके नन्हें बच्चों से मेरा प्रताप सदा के लिए छीन लेते हो।

10उठो और चले जाओ, क्योंकि यह कोई विश्रामस्थल नहीं है। यहां तो अशुद्धता है जो विनाश, हां, अत्यन्त दुखदायी विनाश उत्पन्न करती है।

11यदि कोई बकवादी और झूठा व्यक्ति झूठ बोल कर कहे कि मैं तुमसे दाखमधु और मदिरा की नबूवत करूंगा तो वही इन लोगों का नबी ठहरेगा।

12“हे याकूब, निश्चय मैं तुम सब को एकत्रित करूंगा, मैं इस्राएल के बचे हुओं को अवश्य ही इकट्ठा करूंगा। जैसे बाड़ों में भेड़ों को और चरागाह में झुंड को रखा जाता है वैसे ही मैं तुमको एक साथ रखूंगा। असंख्य मनुष्यों के कारण वहां कोलाहल मचेगा।

13उनका बाड़ा तोड़ने वाला उनके आगे जाता है, वे खुलकर फाटक से बाहर निकल आते है। उनका राजा उनके आगे-आगे चलता है, हां, यहोवा ही उनका अगुवा है।”

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)