Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 108 / 150

भजन संहिता 108

1एक गीत। दाऊद का भजन। हे परमेश्वर, मेरा हृदय स्थिर है; मैं गाऊंगा, मैं अपनी आत्मा से भी तेरी स्तुति करूंगा।

2हे सारंगी और वीणा, जागो! मैं भोर को जगा दूंगा।

3हे यहोवा, मैं देश-देश के लोगों में तेरा धन्यवाद करूंगा; मैं राज्य-राज्य के मध्य तेरी स्तुति करूंगा।

4क्योंकि तेरी करुणा आकाश से भी ऊंची है और तेरी सच्चाई आकाशमंडल तक है।

5हे परमेश्वर, तू आकाशों से ऊंचा हो, और तेरी महिमा सारी पृथ्वी पर हो।

6इसलिए कि तेरे प्रिय छुड़ाए जाएं, अपने दाहिने हाथ से बचाकर मुझे उत्तर दे!

7परमेश्वर ने अपनी पवित्रता में कहा है, “मैं प्रसन्न होकर शेकेम को बांट लूंगा, और सुक्कोत की घाटी को नपवाऊंगा।

8गिलाद मेरा है, मनश्शे मेरा है; एप्रैम मेरे सिर का टोप है; यहूदा मेरा राजदण्ड है।

9मोआब मेरे धोने का पात्र है, मैं एदोम पर अपना जूता फेंकूँगा; पलिश्त पर मैं जयघोष करूंगा।”

10कौन मुझे गढ़ वाले नगर में पहुँचाएगा? कौन मुझे एदोम तक ले जाएगा?

11हे परमेश्वर, क्या तूने स्वयं ही हमें त्याग नहीं दिया? और हे परमेश्वर, क्या तू हमारी सेनाओं के आगे-आगे नहीं जाएगा?

12शत्रु के विरुद्ध हमारी सहायता कर, क्योंकि मनुष्य के द्वारा किया गया छुटकारा तो व्यर्थ है।

13परमेश्वर के द्वारा हम वीरता दिखाएंगे; और वही हमारे शत्रुओं को कुचल डालेगा।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)