पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 137 / 150
भजन संहिता 137
1बाबुल की नदियों के किनारे हम बैठ गए और सिय्योन को स्मरण करके रो पड़े।
2उसके बीच के मजनू-वृक्षों पर हमने अपनी वीणाओं को टांग दिया;
3क्योंकि हमें बंधुवा बनाने वालों ने वहां हमसे गीत गाने को, और हमारे अत्याचारियों ने मनोरंजन करने को कहाः “सिय्योन के गीतों में से हमारे लिए कोई गीत गाओ!”
4हम पराए देश में यहोवा का गीत कैसे गा सकते हैं?
5हे यरूशलेम, यदि मैं तुझे भूल जाऊं, तो मेरा दाहिना हाथ भी काम करना भूल जाए।
6यदि मैं तुझे स्मरण न रखूं यदि मैं यरूशलेम को अपने बड़े से बड़े आनन्द से श्रेष्ठ न जानूं, तो मेरी जीभ तेरे तालू से चिपक जाए।
7हे यहोवा, यरूशलेम के दिन को एदोम की सन्तान के विरुद्ध स्मरण कर जो कहते थे, “ढा दो, इसे नींव से ढा दो।”
8हे बेबीलोन की बेटी, तू जो उजाड़ने वाली है, वह क्या ही धन्य होगा जो तुझे उस बर्ताव का जो तूने हमसे किया बदला देगा।
9क्या ही धन्य होगा वह जो तेरे बच्चों को पकड़ कर चट्टान पर पटक देगा।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)