पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 45 / 150
भजन संहिता 45
1मेरे हृदय में एक सुन्दर भाव उमड़ रहा है, मैं राजा को अपना गीत सुनाता हूं, मेरी जीभ निपुण लेखक की लेखनी बनी है।
2मनुष्य की सन्तान में तू अति सुन्दर है, तेरे होंठ अनुग्रह से परिपूर्ण हैं: परमेश्वर ने तो तुझे सदा-सर्वदा के लिए आशीष दी है।
3हे वीर, अपने वैभव और प्रताप में तू अपनी तलवार कमर में बांध ले!
4और अपने प्रताप में सवार होकर सत्य, नम्रता, और धार्मिकता के लिए विजयपूर्वक आगे बढ़ता जा। तेरा दाहिना हाथ तुझे भयानक कार्य सिखाए।
5तेरे तीर तेज हैं, वे राजा के शत्रुओं के हृदयों में छिदे हैं: देश-देश के लोग तेरे सामने गिरते है।
6हे परमेश्वर, तेरा सिंहासन सदा-सर्वदा के लिए स्थिर है, तेरा राजदण्ड तो न्याय का है।
7तूने धार्मिकता से प्रेम और दुष्टता से बैर किया है, इसलिए परमेश्वर तेरे परमेश्वर ने तेरे साथियों से बढ़कर तुझे हर्ष के तेल से अभिषिक्त किया है।
8तेरे सब वस्त्र गन्धरस, अगर, और तेजपात से सुगन्धित हैं: हाथीदांत के महलों में से तार वाले बाजों ने तुझे आनन्दित किया है।
9तेरी प्रतिष्ठित महिलाओं में राजकुमारियाँ भी हैं, पटरानी तेरी दाहिनी ओर ओपीर के सोने से विभूषित खड़ी है।
10हे बेटी, सुन, कान लगाकर ध्यान देः अपने लोगों और अपने पिता के घर को भूल जा,
11तब राजा तेरी सुन्दरता की चाह करेगा। वह तो तेरा प्रभु है, उसको दण्डवत् कर।
12सोर की राजकुमारी भी भेंट लेकर आएगी, और प्रजा के धनी लोग तुझे प्रसन्न करने का यत्न करेंगे।
13महल में राजकुमारी अति शोभायमान है; उसके वस्त्रों में सोने के बेल-बूटे कढ़े है।
14बेल-बूटेदार वस्त्रों से सुसज्जित वह राजा के पास पहुंचाई जाएंगी; जो कुंवारी सहेलियां उसके पीछे पीछे चलती हैं, वे तेरे पास पहुंचाई जाएंगी।
15आनन्द और हर्ष के साथ उन्हें पहुंचाया जाएगाः वे राजा के महल में प्रवेश करेंगी।
16तेरे पितरों के स्थान पर तेरे पुत्र होंगेः तू उनको समस्त पृथ्वी पर शासक ठहराएगा।
17मैं ऐसा करूंगा कि तेरे नाम की चर्चा पीढ़ी से पीढ़ी तक होती रहेः इसीलिए देश-देश के लोग सदा-सर्वदा तेरा धन्यवाद किया करेंगे।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)