पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 57 / 150
भजन संहिता 57
1हे परमेश्वर, मुझ पर अनुग्रह कर, मुझ पर अनुग्रह कर, क्योंकि मेरा प्राण तेरा शरणागत है, और जब तक यह विनाश दूर न हो जाए मैं तेरे पंखों की छाया में शरण लिए रहूंगा।
2मैं परमप्रधान परमेश्वर को पुकारूंगा, परमेश्वर को, जो मेरे लिए सब कुछ सफल करता है।
3वह स्वर्ग से भेजकर मुझे बचा लेगा; वह उसे डांटता है जो मुझे कुचलता है। सेला। परमेश्वर अपनी करुणा और सच्चाई को भेजेगा।
4मेरा प्राण सिंहों के मध्य है। मुझे उन लोगों के बीच लेटना पड़ता है जो अंगारों की श्वास छोड़ते हैं, ऐसे मनुष्यों के बीच जिनके दांत भाले और तीर हैं और जिनकी जीभ तेज तलवार है।
5हे परमेश्वर, तू स्वर्ग के ऊपर प्रतापी और महान् हो; तेरी महिमा समस्त पृथ्वी पर फैल जाए।
6उन्होंने मेरे पैरों के लिए जाल बिछाया है, मेरा प्राण गिरा जाता है; उन्होंने मेरे आगे गड़हा खोदा, परन्तु वे स्वयं उसमें गिर पड़े। सेला।
7हे परमेश्वर, मेरा हृदय स्थिर है, मेरा हृदय स्थिर है। मैं गाऊंगा, हां, स्तुति के गीत गाऊंगा।
8हे मेरे प्राण, जाग उठ! हे सारंगी, हे वीणा, जाग उठो! मैं भोर को भी जगा उठाऊंगा।
9हे प्रभु, देश-देश के लोगों के मध्य मैं तेरा धन्यवाद करूंगा; राज्य-राज्य के मध्य मैं तेरी स्तुति-प्रशंसा के गीत गाऊंगा।
10क्योंकि तेरी करुणा स्वर्ग तक, और तेरी सच्चाई आकाशमंडल तक महान् है;
11हे परमेश्वर, तू स्वर्ग के ऊपर प्रतापी और महान् हो; तेरी महिमा समस्त पृथ्वी पर फैल जाए।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)