पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 65 / 150
भजन संहिता 65
1हे परमेश्वर, सिय्योन में स्तुति तेरी प्रतीक्षा में है; तेरे लिए मन्नत पूरी की जाएगी।
2हे प्रार्थना के सुनने वाले, सब मनुष्य तेरे पास आएंगे।
3अधर्म के काम मुझ पर प्रबल हुए हैं; हमारे अपराधों को तो तू ढांप देता है।
4क्या ही धन्य है वह जिसे तू चुनकर अपने निकट लाता है, कि तेरे आंगनों में वास करे। हम तो तेरे भवन की, तेरे पवित्र मन्दिर की उत्तमता से तृप्त होंगे।
5हे हमारे उद्धारकर्ता परमेश्वर, तू जो पृथ्वी के कोने-कोने और सुदूर समुद्र-वासियों की आशा है, भयानक कार्यों द्वारा तू हमें धार्मिकता से उत्तर देता है।
6तू जो पराक्रम का कमरबन्द कस कर अपने सामर्थ्य से पर्वतों को स्थिर करता है;
7तू जो समुद्रों के गर्जन, उनकी लहरों के गर्जन, तथा जाति-जाति के हुल्लड़ को शांत करता है,
8और वे जो पृथ्वी के कोने-कोने में निवास करते हैं तेरे चिह्नों को देखकर भयभीत हुए हैं: तू सूर्योदय और सूर्यास्त दोनों से जय-जयकार करवाता है।
9तू भूमि की सुधि लेकर उसे सींचता है, तू उसे अत्यन्त उपजाऊ बनाता है; परमेश्वर की नदी जल से भरपूर है, इस प्रकार तू भूमि को तैयार करके उनके लिए अन्न उपजाता है।
10तू उसकी जोती हुई भूमि को बहुतायत से सींचता, और उसके ढेलों को समतल करता है; तू भूमि को मेंह से नरम करता है, और उसकी उपज पर आशीष देता है।
11तूने वर्ष को अपनी उदारता का मुकुट पहनाया है, और तेरे मार्गों में भरपूरी टपकती है।
12वन के चरागाहों में हरियाली फूट पड़ती है, और पहाड़ियां हर्ष का कटिबन्ध बांधती है।
13चरागाहों में झुंड के झुंड भरे हैं, और तराइयाँ अन्न से ढकी हुई हैं; वे हर्ष से चिल्ला उठती और गाती भी है।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)