पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 72 / 150
भजन संहिता 72
1सुलैमान का भजन। हे परमेश्वर, राजा को अपने न्याय, और राजपुत्र को अपनी धार्मिकता प्रदान कर।
2वह धार्मिकता से तेरी प्रजा का, और निष्पक्षता से तेरे पीड़ित लोगों का न्याय करे।
3इन लोगों के लिए पर्वतों से शान्ति के, और पहाड़ियों से धार्मिकता के फल उत्पन्न हो।
4वह प्रजा के पीड़ितों का न्याय चुकाए, वह दरिद्रों की सन्तान की रक्षा करे, और अत्याचारी को कुचल डाले।
5जब तक सूर्य और चन्द्रमा बने रहेंगे, लोग पीढ़ी से पीढ़ी तक तेरा भय मानते रहे।
6वह कटी हुई घास पर वर्षा के समान, और भूमि सींचने वाली बौछार के समान उतर आए।
7उसके दिनों में धर्मी फूलें-फलें, और जब तक चन्द्रमा टल न जाए। असीम शान्ति बनी रहे।
8वह समुद्र से समुद्र तक, तथा महानद से पृथ्वी की छोर तक प्रभुता करे।
9मरुभूमि के खानाबदोश उसके सामने झुकें, और उसके शत्रु मिट्टी चाटे।
10तर्शीश और द्वीप-द्वीप के राजा भेंट लाएं; शेबा और सबा के राजा उपहार पहुंचाए।
11सब राजा उसे दण्डवत् करें, सब जातियां उसके अधीन हो जाए।
12क्योंकि वह तो दुहाई देने वाले दरिद्र का, और पीड़ित तथा असहाय का उद्धार करेगा।
13वह कंगाल और दरिद्र पर तरस खाएगा, और दरिद्रों के प्राण बचाएगा।
14वह उनका प्राण अत्याचार और अन्धेर से छुड़ाएगा, और उनका लहू उसकी दृष्टि में अनमोल ठहरेगा।
15अतः वह जीवित रहे, और शेबा का सोना उसे दिया जाए; लोग उसके लिए निरन्तर प्रार्थना करें, और दिन-भर उसे धन्य कहते रहे।
16पर्वतों की चोटियों पर भूमि अन्न से भरपूर हो जाए, उसकी बालें लेबनोन के देवदार की भांति झूम उठें, और नगर-निवासी पृथ्वी पर घास की भांति लहलहाए।
17उसका नाम सदा-सर्वदा बना रहे, जब तक सूर्य है, उसका नाम बढ़ता रहे। उसके कारण लोग अपने को धन्य मानें, सारी जातियां उसे धन्य कहे।
18यहोवा परमेश्वर, इस्राएल का परमेश्वर, धन्य होः अद्भुत कार्य केवल वही करता है।
19उसका महिमामय नाम सर्वदा धन्य रहे, और सारी पृथ्वी उसकी महिमा से परिपूर्ण हो जाए। आमीन, फिर आमीन।
20यिशै के पुत्र दाऊद की प्रार्थनाएं समाप्त हुईं।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)