पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 83 / 150
भजन संहिता 83
1एक गीत। आसाफ का भजन। हे परमेश्वर, मौन न रह, न चुप रह, और हे परमेश्वर, शान्त न रह।
2क्याेंकि देख, तेरे शत्रु हुल्लड़ मचा रहे हैं; और तेरे बैरियों ने सिर उठाया है।
3वे तेरी प्रजा के विरुद्ध धूर्तता से योजना बनाते हैं, और तेरे शरणागतों के विरुद्ध षड्यंत्र रचते है।
4उन्होंने कहा है, “आओ, हम उनको मिटा डालें कि उनकी जाति ही न रहे; और इस्राएल का नाम फिर कभी स्मरण न किया जाए।”
5उन्होंने एक मन होकर षड्यंत्र रचा है; और तेरे ही विरुद्ध उन्होंने वाचा बांधी है-
6ये छावनियां एदोम और इश्माइली, मोआबी और हाजिरी,
7गबाली, अम्मोनी, अमालेकी, और सोर के निवासियों समेत पलिश्तियों की हैं;
8अश्शूरी भी इनके साथ मिल गए हैं: वे लूत-वंशियों के सहायक बन गए है। सेला।
9इनके साथ वैसा ही व्यवहार कर जैसा मिघानियों और किशोन नाले पर सीसरा और याबीन के साथ किया था,
10जो एन्दोर में नष्ट हुए, और भूमि के लिए खाद बन गए।
11उनके रईसों को ओरेब और जाएब के समान, और उनके प्रधानों को जेबह और सल्मुन्ना के समान कर दे
12जिन्होंने कहा, “आओ, परमेश्वर के चरागाहों के हम ही अधिकारी बन जाए।”
13हे मेरे परमेश्वर, उनको बवंडर की धूल और हवा से उड़ाए हुए भूसे के समान कर दे
14उस अग्नि के समान जो जंगल को भस्म कर डालती है, और उस ज्वाला के समान जो पर्वतों में आग लगा देती है।
15वैसे ही तू अपनी आंधी से उनका पीछा कर, और अपने तूफान से उन्हें भयभीत कर दे।
16उनके मुख को लज्जा से भर दे, कि हे यहोवा, वे तेरे नाम को खोजे।
17वे सदा-सर्वदा के लिए लज्जित और घबराए रहें, और वे अपमानित होकर नष्ट हो जाएं,
18कि वे जान लें कि तू ही जिसका नाम यहोवा है, सारी पृथ्वी के ऊपर परमप्रधान है।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)