पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 9 / 150
भजन संहिता 9
1हे यहोवा, मैं अपने सम्पूर्ण हृदय से तुझे धन्यवाद दूंगा, मैं तेरे समस्त आश्चर्यकर्मों का वर्णन करूंगा।
2मैं तुझ में आनन्दित और उल्लसित होऊंगा, हे परमप्रधान, मैं तेरे नाम का भजन गाऊंगा।
3जब मेरे शत्रु पीछे हटते हैं, तो वे तेरे सम्मुख ठोकर खाकर नष्ट हो जाते है।
4क्योंकि तूने मेरे पक्ष को उचित ठहराया, तू सिंहासन पर विराजमान होकर धार्मिकता से न्याय करता है।
5तूने जाति-जाति को झिड़का और दुष्ट को नष्ट किया है, तूने उनका नाम सदा-सर्वदा के लिए मिटा दिया है।
6शत्रु का सर्वनाश अर्थात् अनन्त विनाश हो गया है। तूने नगरों को उखाड़ फेंका है, और उनका नाम-निशान मिट गया है।
7परन्तु यहोवा सर्वदा विराजमान है, उसने अपना सिंहासन न्याय के लिए स्थापित किया है।
8वह संसार का न्याय धार्मिकता से करेगा, वह जाति-जाति का न्याय निष्पक्षता से करेगा।
9यहोवा पिसे हुओं का दृढ़ गढ़ भी ठहरेगा, हां, संकट के समय, दृढ़ गढ़।
10जो तेरा नाम जानते हैं वे तुझ पर भरोसा रखेंगे, क्योंकि हे यहोवा, तूने अपने खोजियों को त्याग नहीं दिया है।
11यहोवा जो सिय्योन में निवास करता है, उसका भजन गाओ, जाति-जाति में उसके कामों का वर्णन करो।
12क्योंकि खून का पलटा लेने वाला उनको स्मरण रखता है, वह पीड़ितों की पुकार को नहीं भूलता।
13हे यहोवा, मुझ पर अनुग्रह कर! तू जो मुझे मृत्यु के फाटकों से उठा लेता है, मेरी पीड़ा को देख जो मेरे बैरी मुझे देते हैं,
14कि मैं तेरी सब प्रशंसा का वर्णन करूं, अर्थात् सिय्योन के फाटकों पर तेरे किए हुए उद्धार के लिए आनन्द मनाऊ।
15जातियां तो उसी गड्हे में जिसे उन्होंने खोदा स्वयं गिर पड़ी है। जो जाल उन्होंने बिछाया था, उसी में उनके पैर फंस गए है।
16यहोवा ने अपने आपको प्रकट किया है, उसने न्याय चुकाया है; दुष्ट अपने ही हाथों के कामों में फंस जाता है। हिग्गायोन सेला।
17दुष्ट तो अधोलोक में लौट जाएंगे, हां, वे सब जातियां जो परमेश्वर को भूल जाती है।
18क्योंकि दीन-दरिद्र सदा के लिए भुला नहीं दिए जाएंगे, और न पीड़ितों की आशा सर्वदा के लिए नष्ट होगी।
19उठ, हे यहोवा, मनुष्य प्रबल होने न पाए! जाति-जाति का न्याय तेरे सम्मुख किया जाए।
20हे यहोवा, उन्हें भयभीत कर। जातियां जान लें कि वे तो मात्र मनुष्य है। सेला।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)