पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 8 / 150
भजन संहिता 8
1हे यहोवा हमारे प्रभु, समस्त पृथ्वी पर तेरा नाम क्या ही प्रतापमय है! तूने अपना वैभव स्वर्गों से भी ऊपर प्रदर्शित किया है।
2तूने अपने बैरियों के कारण शिशुओं और दूध-पीते बच्चों के द्वारा अपना सामर्थ्य स्थापित किया, कि शत्रु और बदला लेने वाले चुप किए जाए।
3जब मैं तेरे आकाश को जो तेरी हस्तकला है और चन्द्रमा तथा तारों को जिन्हें तूने नियुक्त किया है, देखता हूं,
4तो मनुष्य क्या है कि तू उसे स्मरण करता है, और मनुष्य का पुत्र क्या है कि तू उसकी चिन्ता करता है?
5तूने तो उसे परमेश्वर से थोड़ा ही कम बनाया है, और उसे महिमा और प्रताप का मुकुट पहनाया है।
6तूने अपने हाथ के कार्यों के ऊपर उसे अधिकार दिया है। तूने सब कुछ उसके पैरों तले कर दिया है-
7सब भेड़-बकरी और गाय-बैल तथा मैदान के पशु,
8आकाश के पक्षी और समुद्र की मछलियां, अर्थात् जो कुछ समुद्रों के मार्गों में चलता-फिरता है।
9हे यहोवा हमारे प्रभु, समस्त पृथ्वी पर तेरा नाम क्या ही प्रतापमय है!
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)