Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 95 / 150

भजन संहिता 95

1आओ, हम यहोवा के लिए आनन्दपूर्वक गाएं, अपने उद्धार की चट्टान का जय-जयकार करे।

2धन्यवाद करते हुए उसके सम्मुख आएं, और भजन गाते हुए उसका जय-जयकार करे।

3क्योंकि यहोवा महान् परमेश्वर है, और सब देवताओं के ऊपर महान् राजा है।

4पृथ्वी के गहरे स्थान उसके हाथ में हैं; पहाड़ों की चोटियां भी उसी की है।

5समुद्र उसका है, क्योंकि उसी ने उसको बनाया है, और उसके हाथों ने भूमि को रचा है।

6आओ, हम झुक कर आराधना करें, और अपने सृजनहार यहोवा के सामने घुटने टेके।

7क्योंकि वह हमारा परमेश्वर है, और हम उसकी चरागाह की प्रजा, और उसके हाथ की भेड़ें है। यदि आज तुम उसकी आवाज सुनो,

8तो अपने हृदय को ऐसा कठोर न करो जैसा मरीबा में व मस्सा के दिन जंगल में किया था,

9जब तुम्हारे पूर्वजों ने मुझे परखा। यघपि उन्होंने मेरे कार्यों को देखा था, फिर भी उन्होंने मुझे जांचा।

10चालीस वर्ष तक मैं उस पीढ़ी के प्रति उदासीन रहा, और मैंने कहा, “ये लोग भटकने वाले मन के हैं, और वे मेरे मार्गों को नहीं पहचानते।”

11इस कारण मैंने क्रोधित होकर शपथ खाई कि निश्चय, ये मेरे विश्राम में प्रवेश न करने पाएंगे।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)