पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 97 / 150
भजन संहिता 97
1यहोवा राज्य करता है,पृथ्वी आनन्दित हो; बहुतेरे द्वीप भी हर्षित हो।
2बादल और गहन अन्धकार उसे घेरे हुए हैं; धार्मिकता और न्याय उसके सिंहासन की नींव है।
3उसके आगे-आगे आग जाती है, और चारों ओर उसके शत्रुओं को भस्म करती है।
4उसकी बिजलियां जगत को प्रकाशित करती हैं, पृथ्वी ने देखा और कांप उठी।
5यहोवा के सामने पर्वत मोम की तरह पिघल गए, अर्थात् समस्त पृथ्वी के प्रभु के सामने।
6आकाश उसकी धार्मिकता प्रकट करता है, देश-देश के सब लोगों ने उसकी महिमा देखी है।
7जो गढ़ी हुई मूर्तियों की पूजा करते, और जो मूर्तियों पर गर्व करते हैं, वे सब लज्जित हों; हे सब देवताओ, तुम केवल उसी की आराधना करो।
8सिय्योन सुनकर हर्षित हुई, और यहूदा की पुत्रियां आनन्दित हुईं; हे यहोवा, यह सब तेरे न्याय के कारण हुआ।
9क्योंकि हे यहोवा, समस्त पृथ्वी के ऊपर तू ही परमप्रधान है; तू समस्त देवताओं से महान् ठहरा है।
10तुम जो यहोवा से प्रेम रखते हो, बुराई से घृणा करो। वह अपने भक्तों के प्राणों की रक्षा करता, और उन्हें दुष्टों के हाथ से छुड़ाता है।
11धर्मी के लिए ज्योति, और सीधे मन वालों के लिए आनन्द बोया गया है।
12हे धर्मियों, यहोवा में आनन्दित रहो; और उसके पवित्र नाम का धन्यवाद करो।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)