Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 98 / 150

भजन संहिता 98

1एक भजन। यहोवा के लिए एक नया गीत गाओ, क्योंकि उसने अद्भुत कार्य किए हैं; उसके दाहिने हाथ और उसकी पवित्र भुजा ने उसके लिए विजय पाई है।

2यहोवा ने अपने उद्धार का काम प्रकट किया है; अन्य जातियों की दृष्टि में उसने अपनी धार्मिकता प्रकट की है।

3उसने इस्राएल के घराने पर की अपनी करुणा और सच्चाई को स्मरण किया है। पृथ्वी के छोर-छोर के लोगों ने हमारे परमेश्वर के उद्धार को देखा है।

4हे सारी पृथ्वी के लोगों, यहोवा का जय-जयकार करो! आनन्द से जय-जयकार करो और भजन गाओ!

5वीणा बजाकर, हां, मधुर स्वर से वीणा बजा कर यहोवा की स्तुति करो।

6तुरही और नरसिंगे के स्वर में यहोवा राजा के सम्मुख आनन्द से जय-जयकार करो।

7समुद्र और उसमें की सब वस्तुएं, हां, जगत और उसके निवासी हर्षनाद करे।

8नदियां तालियां बजाएं, पहाड़ एक साथ मिलकर जय-जयकार करें-

9यह यहोवा के सामने हो, क्योंकि वह पृथ्वी का न्याय करने आ रहा है। वह धार्मिकता से जगत का, और सच्चाई से देश-देश के लोगों का न्याय करेगा।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)