पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 99 / 150
भजन संहिता 99
1यहोवा राज्य करता है, देश-देश के लोग कांप उठें! वह करूबों पर विराजमान है, पृथ्वी डोल उठे!
2यहोवा सिय्योन में महान् है, और वह देश-देश के लोगों के ऊपर प्रधान है।
3वे तेरे महान् और भययोग्य नाम की स्तुति करे। वह तो पवित्र है।
4राजा का सामर्थ्य न्याय से प्रेम रखता है- तू ही ने खराई को स्थापित किया है; तू ही ने न्याय और धार्मिकता को याकूब में कार्यान्वित किया है।
5हमारे परमेश्वर यहोवा की महिमा करो, और उसके चरणों की चौकी के सामने दण्डवत् करो। वह तो पवित्र है।
6मूसा और हारून उसके याजकों में से थे, और शमूएल उससे प्रार्थना करने वालों में से था। उन्होंने यहोवा से प्रार्थना की और उसने उन्हें उत्तर दिया।
7वह बादल के खम्भे में होकर उनसे बातें करता था, वे उसकी चेतावनियों और उसकी दी हुई विधियों पर चलते थे।
8हे यहोवा हमारे परमेश्वर, तूने उनको उत्तर दिया; तू उनके बुरे कामों का पलटा तो लेता था, फिर भी तू उनके लिए क्षमा करने वाला परमेश्वर था।
9हमारे परमेश्वर यहोवा की महिमा करो, और उसके पवित्र पर्वत पर दण्डवत् करो क्योंकि यहोवा हमारा परमेश्वर पवित्र है।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)