पुराना नियम · 2 शमूएल · अध्याय 4 / 24
2 शमूएल 4
1जब शाऊल के पुत्र ईशबोशेत ने सुना कि अब्नेर हेब्रोन में मर गया है तब उसके हाथ ढीले पड़ गए, और समस्त इस्राएल घबरा गया।
2शाऊल के पुत्र के दो जन थे जो दलों के प्रधान थे। एक का नाम बाना और दूसरे का नाम रेकाब था, जो बेरातवासी बिन्यामीनी रिम्मोन के पुत्र थे, (क्योंकि बेरोत भी बिन्यामीन का भाग गिना जाता है।
3बेरोती तो भागकर गित्तैम चले गए थे और वे वहां आज तक परदेशी के समान रहते हैं)।
4शाऊल के पुत्र योनातान का एक पुत्र था, जो पैरों से लंगड़ा था। जब शाऊल और योनातान का समाचार यिज्रेल से आया तब वह पांच वर्ष का था। अतः उसकी धाय उसको उठाकर भागी। और ऐसा हुआ कि उसके उतावली से भागने के कारण वह गिर पड़ा और लंगड़ा हो गया। उसका नाम मपीबोशेत था।
5अतः बेरोती रिम्मोन के पुत्र रेकाब और बाना ने प्रस्थान किया, और जब दोपहर की कड़ी धूप के समय ईशबोशेत आराम कर रहा था तो वे उसके घर आए।
6फिर वे गेहूं निकालने के बहाने घर के भीतर तक घुस गए और उसके पेट में मारा। तब रेकाब और उसका भाई बाना भाग निकले।
7जब वे घर में घुसे उस समय वह अपने शयन-कक्ष में अपने पलंग पर सो रहा था। तब उन्होंने उस पर वार करके, उसे मार डाला और उसका सिर काट लिया। फिर उसका सिर लेकर अराबा के मार्ग से सारी रात यात्रा की।
8वे ईशबोशेत का सिर हेब्रोन में दाऊद के पास लाए, और राजा से कहा, “देख, तेरे प्राण के ग्राहक, तेरे शत्रु शाऊल के पुत्र ईशबोशेत का सिर! इस प्रकार, यहोवा ने आज के दिन मेरे स्वामी राजा को शाऊल और उसकी सन्तानों का बदला दिया है।”
9तब दाऊद ने बेरोती रिम्मोन के पुत्रों रेकाब और उसके भाई बाना को उत्तर दिया, “यहोवा जिसने मेरे सब कष्टों से मुझे छुटकारा दिया है उसके जीवन की शपथ,
10जब किसी ने सिकलग में मुझे बताया, ‘देख, शाऊल मर गया है, और सोचा कि वह शुभ समाचार लेकर आया है, तब मैंने उसको पकड़कर मार डाला। मैंने उसके समाचार का यही पारितोषिक उसको दिया।
11तो जब दुष्ट मनुष्यों ने एक धर्मी की उसके घर के भीतर उसके पलंग पर हत्या की है तो अब मैं उसके खून का बदला तुमसे क्यों न लूं? और तुम्हें पृथ्वी पर से नाश क्यों न करूं?”
12तब दाऊद ने जवानों को आज्ञा दी, और उन्होंने उनको मार डाला, उनके हाथ-पैर काट डाले, और लाशों को हेब्रोन के तालाब के किनारे लटका दिया। परन्तु ईशबोशेत के सिर को लेकर उन्होंने हेब्रोन में अब्नेर की क़ब्र में मिट्टी दी।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)