पुराना नियम · 2 शमूएल · अध्याय 8 / 24
2 शमूएल 8
1इसके बाद ऐसा हुआ कि दाऊद ने पलिश्तियों को पराजित कर अपने अधीन कर लिया, और राजधानी की बागडोर पलिश्तियों के हाथ से अपने हाथ में ले ली।
2फिर उसने मोआब को पराजित किया, और उनको भूमि पर लिटा कर डोरी से नापा। उसने दो डोरी मार डालने के लिए नापा, और एक डोरी जीवित बचाने के लिए नापा। इस प्रकार मोआबी लोग दाऊद के दास बन गए, और उसको कर देने लगे।
3जब सोबा का राजा रहोब का पुत्र, हददेजेर फरात नदी पर अपना राज्य पुनः स्थापित करने के लिए गया तब दाऊद ने उसे पराजित कर दिया,
4और दाऊद ने उसके एक हज़ार सात सौ घुड़सवार तथा बीस हज़ार पैदल सिपाही छीन लिए और रथ वाले घोड़ों के सुम की नसें कटवा दीं, परन्तु उनमें से अपने एक सौ रथों के लिए घोड़े सुरक्षित रख लिए।
5जब दमिश्क के अरामी लोग सोबा के राजा, हददेजेर की सहायता के लिए आए तब दाऊद ने बाईस हज़ार अरामी पुरुषों को मार डाला।
6उसके बाद, दाऊद ने दश्मिक के सीरिया में अपनी सेनाओं की चौकियां बैठा दीं, और अरामी लोग दाऊद के दास बन गए, और उसको कर देने लगे। और दाऊद जहां-कहीं गया वहां यहोवा ने उसकी सहायता की।
7हददेजेर के सेवक जो सोने की ढालें लिए हुए थे उनको दाऊद ने छीन लिया और यरूशलेम ले आया।
8फिर हददेजेर के बेतह और बरौते नामक नगरों से दाऊद राजा बहुत-सा कांसा ले गया।
9जब हमात के राजा तोई ने सुना कि दाऊद ने हददेजेर की सम्पूर्ण सेना को नाश कर डाला है
10तब तोई ने अपने पुत्र योराम को दाऊद का अभिवादन करने और उसे बधाई देने को भेजा, क्योंकि दाऊद ने हददेजेर से युद्ध करके उसको पराजित कर दिया था। हददेजेर तो तोई से युद्ध किया करता था। योराम चांदी, सोना और कांसे के पात्र लेकर आया था।
11इन पात्रों को भी दाऊद ने यहोवा के लिए वैसा ही समर्पित किया, जैसे उसने अपने अधीन की गई जातियों के चांदी-सोने को समर्पित किया था,
12अर्थात् सीरिया, मोआब और अम्मोनियों, तथा पलिश्तियों और अमालेक से तथा सोबा के राजा, रहोब के पुत्र, हददेजेर की लूट से प्राप्त चांदी-सोने को समर्पित किया था।
13जब दाऊद नमक की घाटी से अठारह हज़ार अरामी पुरुषों को मारकर लौटा तो उसका बड़ा नाम हो गया।
14उसने एदोम में चौकियां बैठा दी। उसने सम्पूर्ण एदोम में चौकियां बैठा दी। और सब एदोमी दाऊद के दास हो गए। और दाऊद जहां-कहीं गया, यहोवा ने उसकी सहायता की।
15दाऊद सम्पूर्ण इस्राएल पर राज्य करने लगा। दाऊद तो सब लोगों के लिए न्याय और धार्मिकता के काम करता था।
16सरूयाह का पुत्र, योआब सेना का प्रधान था, और इतिहास का लिखने वाला अहीलूद का पुत्र यहोशापात था।
17अहीतूब का पुत्र सादोक तथा अब्यातार का पुत्र अहीमेलेक, याजक थे, और सरायाह मंत्री था।
18यहोयादा का पुत्र, बनायाह करेतियों तथा पलेतियों के ऊपर प्रधान था, और दाऊद के पुत्र भी प्रमुख मंत्री थे।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)