पुराना नियम · 2 शमूएल · अध्याय 9 / 24
2 शमूएल 9
1तब दाऊद ने पूछा, “क्या शाऊल के परिवार का कोई व्यक्ति अब तक बचा है जिस पर मैं योनातान के कारण कृपा करूं?
2शाऊल के परिवार का एक सेवक था जिसका नाम सीबा था। वह दाऊद के पास बुलाया गया, और राजा ने उससे पूछा, “क्या तू सीबा है?” उसने उत्तर दिया, “मैं तेरा दास वही हू।”
3तब राजा ने कहा, “क्या शाऊल के घराने का कोई बचा नहीं है, जिस पर मैं परमेश्वर की-सी करुणा करूं?” सीबा ने राजा से कहा, “योनातान का एक पुत्र अब तक है जो पंगु है।”
4अतः राजा ने उससे कहा, “वह कहां है?” सीबा ने राजा से कहा, “देख, वह लो-देबार में अम्मीएल के पुत्र माकीर के घर में है।”
5तब दाऊद राजा ने उसको लो-देबार से अम्मीएल के पुत्र माकीर के घर बुलवा भेजा।
6तब शाऊल का पोता, योनातान का पुत्र मपीबोशेत, दाऊद के पास आया। उसने मुंह के बल गिरकर दण्डवत् किया। तब दाऊद ने कहा, “मपीबोशेत!” ओर उसने उत्तर दिया, “तेरा दास उपस्थित है।”
7फिर दाऊद ने उससे कहा, “मत डर, क्योंकि तेरे पिता योनातान के कारण मैं तुझ पर निश्चय दया-दृष्टि रखूंगा और तेरे दादा शाऊल की सब भूमि तुझे लौटा दूंगा, और तू नित्य मेरी मेज़ पर भोजन किया करेगा।”
8तब मपीबोशेत ने पुनः दण्डवत् करके कहा, “तेरा दास क्या है कि तू मुझ जैसे मरे कुत्ते का सम्मान करे?”
9इसके बाद दाऊद ने शाऊल के सेवक सीबा को बुलाया और उससे कहा, “शाऊल और उसके घराने की सम्पूर्ण सम्पत्ति मैंने तेरे स्वामी के पोते को दे दी है।
10अब से तू और तरे पुत्र तथा तेरे सेवक उसके लिए उसकी भूमि पर खेती करेंगे, और तू उसकी उपज यहां लाया करना जिससे तेरे स्वामी के पोते को भोजन मिला करे। फिर भी तेरे स्वामी का पोता मपीबोशेत नित्य मेरी मेज़ पर भोजन किया करेगा।” सीबा के तो पन्द्रह पुत्र तथा बीस सेवक थे।
11तब सीबा ने राजा से कहा, “जो आज्ञाएं मेरे प्रभु राजा ने अपने सेवक को दी हैं उन्हीं के अनुसार तेरा सेवक किया करेगा।” अतः मपीबोशते दाऊद की मेज़ पर राजकुमार के समान भोजन करने लगा।
12मपीबोशेत का एक पुत्र था, जिसका नाम मीका था। और सीबा के घर में जितने लोग रहते थे सब मपीबोशेत के सेवक थे।
13अतः मपीबोशेत यरूशलेम में रहने लगा। वह दाऊद की मेज़ पर नित्य भोजन किया करता था। वह तो दोनों पैरों से पंगु था।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)