Loading account

पुराना नियम · एज्रा · अध्याय 5 / 10

एज्रा 5

1जब नबियों अर्थात् हाग्गै नबी तथा इद्दो के पुत्र जकर्याह ने यहूदा और यरूशलेम के यहूदियों से, इस्राएल के परमेश्वर के नाम से जो उनका परमेश्वर था, नबूवत की,

2तब शालतीएल का पुत्र जरुब्बाबेल तथा योसादक का पुत्र येशू उठकर यरूशलेम में स्थित परमेश्वर के भवन का पुनर्निर्माण करने लगे; और परमेश्वर के नबी साथ रह कर उनकी सहायता करते रहे।

3उसी समय नदी पार प्रदेश के राज्यपाल तत्तनै और शतर-बोजनै ने अपने सहकर्मियों सहित उनके पास आकर इस प्रकार कहा, “इस भवन के पुनर्निर्माण तथा दीवार पूर्ण करने का आदेश तुमको किसने दिया?”

4तब हमने उनके प्रश्न के अनुसार उन पुरुषों के नाम बताए जो इस भवन को बना रहे थे।

5परन्तु यहूदियों के प्राचीनों पर उनके परमेश्वर की दृष्टि थी, और जब तक कि यह बात दारा के पास न पहुंची और वहां से इस सम्बन्ध में लिखित उत्तर न आया, तब तक उनको रोका न गया।

6नदी पार के प्रदेश के राज्यपाल तत्तनै और शतर-बोजनै और उसके सहकर्मी अर्थात् नदी पार के अधिकारियों ने जो पत्र राजा दारा के पास भेजा, उसकी प्रति यह है।

7उन्होंने उसके पास एक प्रतिवेदन भेजा जिसमें इस प्रकार लिखा थाः “राजा दारा का कुशल हो।

8राजा को ज्ञात हो कि हम यहूदा प्रान्त में महान् परमेश्वर के भवन में गए थे जो बड़े-बड़े पत्थरों से बन रहा है। उसकी दीवारों पर धरन रखी जा रही हैं; और यह कार्य बड़ी लगन से हो रहा है, और उनके हाथ से सफल हो रहा है।

9तब हमने उन प्राचीनों से इस प्रकार पूछा, ‘इस भवन के पुनर्निर्माण तथा दीवार को पूर्ण करने का आदेश तुमको ंकिसने दिया?’

10हमने उनके नाम भी पूछे कि उनके प्रधानों के नाम लिख कर महाराज को सूचित करें

11और उन्होंने हमें इस प्रकार उत्तर दिया, ‘हम तो स्वर्ग और पृथ्वी के परमेश्वर के दास हैं, और उसी मन्दिर का पुनर्निर्माण कर रहे हैं जो वर्षों पूर्व बनाया गया था। उसे इस्राएल के एक महान् राजा ने बनवाकर तैयार किया था।

12परन्तु जब हमारे पूर्वजों ने स्वर्ग के परमेश्वर को क्रोध दिलाया तो उसने उनको बेबीलोन के कसदी राजा नबूकदनेस्सर के अधिकार में कर दिया, जिसने इस भवन को नष्ट कर दिया और जो लोगों को निर्वासित करके बेबीलोन ले गया।

13फिर भी बेबीलोन के राजा कुस्रू के प्रथम वर्ष में, राजा कुस्रू ने आज्ञा दी कि परमेश्वर का यह भवन फिर से बनाया जाए।

14और परमेश्वर के भवन के सोने तथा चांदी के पात्रों को भी जिन्हें नबूकदनेस्सर यरूशलेम के मन्दिर से निकाल कर बेबीलोन के मन्दिर में ले आया था, उनको राजा कुस्रू ने बेबीलोन में मन्दिर से निकलवाकर शेशबस्सर नामक एक व्यक्ति को जिसे उसने राज्यपाल नियुक्त किया था, सौंप दिया।

15और उसने उससे कहा, “इन पात्रों को ले जाकर यरूशलेम के मन्दिर में जमा कर दे, और परमेश्वर का भवन अपने स्थान पर फिर से बनाया जाए।”

16तब उसी शेशबस्सर ने यरूशलेम में आकर परमेश्वर के भवन की नींव डाली; और तब से लेकर आज तक यह बनता जा रहा है, पर अब तक तैयार नहीं हुआ।’

17और अब, यदि राजा को उचित जान पड़े तो राजा के कोषागार में, जो बेबीलोन में है, खोज कराई जाए कि राजा कुस्रू ने परमेश्वर के इस भवन को यरूशलेम में पुनः निर्मित कराने की आज्ञा दी थी अथवा नहीं; और इस सम्बन्ध में राजा अपना निर्णय हमें बताए।”

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)