Loading account

पुराना नियम · उत्पत्ति · अध्याय 16 / 50

उत्पत्ति 16

1अब्राम की पत्नी सारै से कोई सन्तान नहीं थी, और उसके पास हाजिरा नाम की एक मिस्री दासी थी।

2अतः सारै ने अब्राम से कहा, “देख, यहोवा ने मुझे सन्तान उत्पन्न करने से वंचित रखा है। तू मेरी दासी के पास जा; सम्भव है उससे तुझे सन्तान प्राप्त हो।” और अब्राम ने सारै की बात मान ली।

3जब अब्राम को कनान देश में रहते हुए दस वर्ष बीत चुके तब सारै ने अपने पति अब्राम को अपनी मिस्री दासी हाजिरा सौंप दी कि वह उसकी पत्नी हो जाए।

4और वह हाजिरा के पास गया और हाजिरा गर्भवती हुई। जब उसने देखा कि मैं गर्भवती हूं, तब वह अपनी स्वामिनी को तुच्छ दृष्टि से देखने लगी।

5तब सारै ने अब्राम से कहा, “मेरे साथ जो अन्याय हो रहा है वह तुझ पर हो। मैंने तो अपनी दासी को तेरी बांहों में सौंप दिया, पर जब उसने देखा कि वह गर्भवती है, तो मैं उसकी दृष्टि में तुच्छ हो गई। यहोवा तेरे और मेरेे बीच न्याय करे।”

6परन्तु अब्राम ने सारै से कहा, “देख, तेरी दासी तो तेरे अधीन है; तेरी दृष्टि में जो ठीक हो वैसा ही उसके साथ कर।” अतः सारै उसके साथ कठोरता का व्यवहार करने लगी, और वह उसके पास से भाग गई।

7तब यहोवा के दूत ने उसे शूर के मार्ग पर जंगल में एक स्रोत के पास पाकर कहा,

8“हे सारै की दासी हाजिरा, तू कहां से आ रही है और कहां जा रही है?” और उसने कहा, “मैं अपनी स्वामिनी सारै के पास से भाग आई हू।”

9तब यहोवा के दूत ने उससे कहा, “अपनी स्वामिनी के पास लौट जा और अपने आपको उसके अधीन कर दे।”

10इसके अतिरिक्त, यहोवा के दूत ने उससे कहा, “मैं तेरे वंश को इतना बढ़ाऊंगा कि उनकी गिनती न हो सकेगी।”

11और यहोवा के दूत ने फिर कहा, “देख तू गर्भवती है और तू एक पुत्र को जन्म देगी; तू उसका नाम इश्माएल रखना, क्योंकि यहोवा ने तेरे कष्ट की ओर ध्यान दिया है।

12और वह मनुष्य जंगली गदहे के समान होगा, और उसका हाथ सबके विरुद्ध उठेगा, और सबके हाथ उसके विरुद्ध उठेंगे; और वह अपने सब भाइयों के सामने बसा रहेगा।

13तब यहोवा जिसने उससे बातें की थीं उसका नाम उसने “तू देखने वाला ईश्वर” रखा और कहा, “क्या मैं उसे देखने के पश्चात् भी जीवित रह सकी?”

14इस कारण उस कुएं का नाम बेर-लहै-रोई पड़ा। यह कादेश और बेरेद के बीच में है।

15अतः हाजिरा से अब्राम के एक पुत्र हुआ। अब्राम ने अपने इस पुत्र का नाम जो हाजिरा से जन्मा था, इश्माएल रखा।

16जिस समय हाजिरा से अब्राम का पुत्र इश्माइल उत्पन्न हुआ, उस समय अब्राम छियासी वर्ष का था।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)