Loading account

पुराना नियम · यिर्मयाह · अध्याय 28 / 52

यिर्मयाह 28

1उसी वर्ष अर्थात् यहूदा के राजा सिदकिय्याह के राज्य के प्रारम्भ में, चौथे वर्ष के पांचवें महीने में, ऐसा हुआ कि अज्जूर के पुत्र, गिबोन के हनन्याह नबी ने यहोवा के भवन में याजकों और सब लोगों की उपस्थिति में मुझसे यह कहा,

2“सेनाओं का यहोवा, इस्राएल का परमेश्वर यों कहता हैः मैंने बेबीलोन के राजा का जुआ तोड़ डाला है।

3यहोवा के भवन के उन सब पात्रों को जिन्हें बेबीलोन का राजा नबूकदनेस्सर इस स्थान से बेबीलोन को ले गया है दो वर्ष के अन्दर ही मैं उन्हें फिर इसी स्थान में लौटा ले आऊंगा।

4और मैं यहूदा के राजा यहोयाकीम के पुत्र यकुन्याह समेत यहूदा के सब बन्दियों को भी जो बेबीलोन गए हैं लौटाकर इसी स्थान में ले आऊंगा; क्योंकि मैं बेबीलोन के राजा के जुए को तोड़ डालूंगा, यहोवा की यही वाणी है।”

5तब यिर्मयाह नबी याजकों तथा उन सब लोगों की उपस्थिति में जो यहोवा के भवन में खड़े थे हनन्याह नबी से बोल उठा,

6और यिर्मयाह नबी ने कहा, “आमीन! यहोवा ऐसा ही करे! यहोवा तेरे वचनों को पूरा करे जिनकी तूने नबूवत की। तूने तो कहा है कि सब बन्दी और यहोवा के भवन के सब पात्र बेबीलोन से इस स्थान में लाए जाएंगे।

7फिर भी यह वचन सुन जिसे मैं तुझे और सब लोगों को सुनाने वाला हू।

8उन नबियों ने जो प्राचीनकाल से अर्थात् मुझसे और तुझसे पहले थे बहुत से देशों और राज्यों के विरफ़द्ध, युद्ध, विपत्ति और मरी के विषय में नबूवत की थी,

9परन्तु जो नबी शान्ति की नबूवत करता है उसकी नबूवत पूरी होगी तब ही यह मालूम हो जाएगा कि वह नबी सचमुच यहोवा का भेजा हुआ है।”

10तब हनन्याह नबी ने उस जुए को जो यिर्मयाह नबी की गरदन पर था उतार कर तोड़ डाला,

11और हन्नयाह ने सब लोगों के सामने यह कहा, “यहोवा कहता है कि मैं पूरे दो वर्ष के भीतर बेबीलोन के राजा नबूकदनेस्सर के जूए को इसी प्रकार सब जातियों की गरदन पर से उतार कर तोड़ डालूंगा।” तब यिर्मयाह नबी ने अपना मार्ग लिया।

12हनन्याह नबी ने जब यिर्मयाह नबी की गरदन से जूआ उतार कर तोड़ डाला था, उसी के पश्चात् यहोवा का यह वचन यिर्मयाह के पास पहुंचाः

13“हनन्याह से जाकर यह कह, ‘यहोवा यों कहता है कि तूने तो लकड़ी के जूओं को तोड़ा है, परन्तु उनके बदले तूने लोहे के जूओं को बनाया है।”

14क्योंकि इस्राएल का परमेश्वर सेनाओं का यहोवा यह कहता हैः “मैंने इन सब जातियों की गरदन पर लोहे के जूए को रखा है कि वे बेबीलोन के राजा नबूकदनेस्सर के अधीन रहें; और वे उसके अधीन रहेंगे। मैंने मैदान के सब पशुओं को भी उसके अधीन कर दिया है।’”

15तब यिर्मयाह नबी ने हनन्याह नबी से कहा, “हनन्याह सुन, यहोवा ने तुझे नहीं भेजा है, तूने इन लोगों को झूठी आशा दिलाई है।

16इसलिए यहोवा यों कहता हैः देख, मैं तुझे पृथ्वी पर से उठा लेने पर हू। इसी वर्ष तू मर जाएगा, क्योंकि तूने यहोवा से विद्रोह करने की सलाह दी है।”

17अतः हनन्याह नबी उसी वर्ष के सातवें महीने में मर गया।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)