पुराना नियम · लैव्यवस्था · अध्याय 9 / 27
लैव्यवस्था 9
1और ऐसा हुआ कि आठवें दिन मूसा ने हारून और उसके पुत्रों और इस्राएल के प्राचीनों को बुलाया,
2और हारून से कहा, “पापबलि के लिए एक दोषरहित बछड़ा और होमबलि के लिए एक दोषरहित मेढ़ा आपने लिए ले और उनको यहोवा के सामने भेंट चढ़ा।
3तब इस्राएलियों से यह कहः तुम पापबलि के लिए एक बकरा और होमबलि के लिए एक बछड़ा और एक मेमना लो जो एक-एक वर्ष के और दोषरहित हो।
4और यहोवा के सम्मुख चढ़ाने के लिए मेलबलियों के निमित्त एक बछड़ा और एक मेढ़ा, और तेल से सनी अन्नबलि लो; क्योंकि आज यहोवा तुमको दर्शन देगा।”
5अतः मूसा ने जो कुछ लाने की आज्ञा दी थी वे उसे मिलापवाले तम्बू के आगे ले आए, और सारी मंडली समीप आकर यहोवा के सम्मुख खड़ी हुई।
6तब मूसा ने कहा, “यही वह कार्य है जिसे करने की आज्ञा यहोवा ने तुम्हें दी है जिससे यहोवा की महिमा तुम पर प्रकट हो।”
7तब मूसा ने हारून से कहा, “यहोवा की आज्ञा के अनुसार वेदी के समीप आकर अपनी पापबलि, अपनी होमबलि चढ़ाकर अपने तथा मंडली के लिए प्रायश्चित्त कर मंडली के चढ़ावे को चढ़ाकर उनके लिए प्रायश्चित्त कर।”
8अतः हारून ने वेदी के समीप जाकर उस बछड़े को जो उसकी पापबलि के लिए था, बलि किया।
9और हारून के पुत्र उसके पास लहू ले गए और उसने उस लहू में अपनी उंगली डुबोकर वेदी के सींगों पर लगाया और शेष लहू को वेदी के आधार पर उंडेल दिया।
10पाप-बलि की चरबी, गुर्दे, और कलेजे पर की झिल्ली को उसने वेदी पर होम किया, जैसा कि यहोवा ने मूसा को आज्ञा दी थी,
11परन्तु उसने मांस और खाल को छावनी के बाहर जलाया।
12तब उसने होमबलि के पशु का बलिदान किया और हारून के पुत्रों ने लहू को उसके हाथ में दिया और उसने उसे वेदी पर चारों ओर छिड़क दिया।
13तब उन्होंने होमबलि-पशु को टुकड़े-टुकड़े करके सिर सहित उसके हाथ में दे दिया और उसने उनको वेदी पर होम किया।
14उसने अँतड़ियों और पैरों को भी धोकर उनको होमबलि के साथ वेदी पर होम किया।
15तब उसने लोगों के चढ़ावे को लाकर और पापबलि के बकरे को जो लोगों के लिए था लेकर उसे बलि किया और पहले के समान उसे भी पाप के लिए चढ़ाया।
16तब होमबलि के पशु को भी उसने आगे लाकर विधि के अनुसार बलिदान चढ़ाया।
17फिर उसने भोर के होमबलि की अतिरिक्त अन्नबलि को समीप लाकर उसमें से मुट्ठी भरके वेदी पर होम किया।
18और उसने बछड़े और मेढ़े को जो लोगों की ओर से मेलबलि के लिए थे, बलि किया और हारून के पुत्रों ने लहू को उसके हाथ में दिया और उसने उसे वेदी पर चारों ओर छिड़क दिया।
19और उन्होंने बछड़े की चरबी, मेढ़े की मोटी पूँछ, वह चरबी जिससे अँतड़ियां ढँपी रहती हैं, और गुर्दों सहित कलेजे पर की झिल्ली,
20अर्थात् चरबी के विभिन्न भागोें को सीनों पर रख दिया, और उसने उनको वेदी पर होम कर दिया।
21परन्तु सीनों और दाहिनी जांघ को हारून ने मूसा की आज्ञा के अनुसार हिलाने के भेंट-स्वरूप यहोवा के सामने चढ़ाया।
22तब हारून ने लोगों की ओर हाथ बढ़ाकर उन्हें आशीर्वाद दिया, और पापबलि, होमबलि और मेलबलि चढ़ाकर नीचे उतर आया।
23फिर मूसा और हारून मिलापवाले तम्बू में गए। जब वहां से निकलकर उन्होंने लोगों को आशीर्वाद दिया तब यहोवा की महिमा सब लोगों को दिखाई दी।
24तब यहोवा के सामने से आग निकलकर चरबी सहित होमबलि को वेदी पर भस्म कर गई। जब लोगों ने यह देखा तो उन्होंने जय-जयकार के नारे लगाए और मुंह के बल गिरकर दण्डवत् किया।
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)