Loading account

पुराना नियम · नहूम · अध्याय 1 / 3

नहूम 1

1नीनवे के विषय में नबूवत। एल्कोशी नहूम के दर्शन की पुस्तक।

2यहोवा तो जल उठने वाला और बदला लेने वाला परमेश्वर है; यहोवा बदला लेने वाला और कोप करने वाला है। यहोवा अपने विरोधियों से बदला लेता है और अपने शत्रुओं के लिए क्रोध रखता है।

3यहोवा विलम्ब से क्रोध करने वाला और महाशक्तिशाली है, और दोषी को यहोवा दण्ड दिए बिना कदापि न छोड़ेगा। उसका मार्ग बवंडर और आन्धी है, और बादल उसके पैरों तले की धूलि है।

4उसके घुड़कने से समुद्र सूख जाता है; वह सब नदियों को सुखा देता है। बाशान और कर्मेल कुम्हला जाते हैं; और लेबनोन की हरियाली जाती रहती है।

5उसके कारण पहाड़ कांप उठते हैं, और पहाड़ियां गल जाती हैं, हां, उसकी उपस्थिति से पृथ्वी वरन् संसार और उसके समस्त निवासी थरथरा उठते है।

6उसके क्रोध के सामने कौन ठहर सकता है? कौन उसकी कोपाग्नि को सहन कर सकता है? उसकी जलजलाहट आग के समान भड़क उठती है, और वह चट्टानों को तोड़ डालता है।

7यहोवा भला है, संकट के समय दृढ़ गढ़ है और उनकी सुधि लेता है जो उसके शरणागत है।

8परन्तु वह प्रलयंकारी बाढ़ से उस स्थान का सर्वनाश कर देगा, और अपने शत्रुओं को अन्धकार में खदेड़ देगा।

9तुम यहोवा के विरफ़द्ध जो भी युक्ति करो उसका वह पूर्णतः अन्त कर देगा। विपत्ति दूसरी बार पड़ने न पाएगी।

10उलझे हुए कांटों के और उनके समान जो मदिरा के नशे में चूर हों, वे सूखी खूंटी के समान पूर्णतः भस्म कर दिए जाएंगे।

11तुझमें से एक दुष्ट सलाहकार निकला है, जिसने यहोवा के विरफ़द्ध दुष्टता की युक्ति निकाली है।

12यहोवा यों कहता हैः “यघपि वे सब प्रकार से सामर्थी हों और बहुत भी हों, फिर भी उनका सर्वनाश हो जाएगा और वे मिट जाएंगे। यघपि मैंने तुझे दुख दिया है पर अब आगे को न दूंगा।

13इसलिए अब मैें उसका जूआ तेरी गर्दन पर से उतार कर तोड़ दूंगा और तेरी बेड़ियों को टुकड़े-टुकड़े कर डालूंगा।”

14यहोवा ने तेरे विषय में एक आज्ञा निकाली हैः “आगे को तेरा नाम नहीं चलेगा। मैं तेरे देवालयों से मूर्तियों और प्रतिमाओं को मिटा दूंगा और तेरे लिए कब्र खोदूंगा, क्योंकि तू घृणित है।”

15देखो, जो शुभ समाचार सुनाता है, हां, शान्ति की घोषणा करता है उसके पैर पर्वतों पर है। हे यहूदा, अपने पर्व मना, अपनी मन्नतें पूरी कर, क्योंकि वह दुष्ट फिर कभी तेरे बीच में होकर नहीं चलेगा; उसका तो सर्वनाश कर दिया गया है।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)