Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 112 / 150

भजन संहिता 112

1याह की स्तुति करो। क्या ही धन्य है वह मनुष्य जो यहोवा का भय मानता है; जो उसकी आज्ञाओं से अति प्रसन्न रहता है।

2उसका वंश पृथ्वी पर प्रतापी होगा; सीधे लोगों की सन्तान आशीष पाएगी।

3उसके घर में धन-सम्पत्ति रहती है, और उसकी धार्मिकता सदा बनी रहती है।

4सीधे लोगों के लिए अन्धकार में प्रकाश चमकता है; वह अनुग्रहकारी, दयालु और धर्मी है।

5वह व्यक्ति जो अनुग्रह करके उधार देता है, उसका भला होता है, वह न्यायपूर्वक अपना कार्य करेगा।

6क्योंकि वह कभी न डिगेगा, धर्मी का स्मरण सदा तक बना रहेगा

7वह बुरे समाचारों से नहीं डरेगा, यहोवा पर भरोसा रखने के कारण उसका हृदय स्थिर है,

8उसका हृदय स्थिर है, वह न डरेगा, वरन् वह अपने शत्रुओं को विजय-दृष्टि से देखेगा।

9उसने उदारता से दरिद्रों को दान दिया, उसकी धार्मिकता सदा बनी रहती है; उसका सींग सम्मान से ऊंचा किया जाएगा।

10दुष्ट इसे देख कर कुढ़ेगा; वह अपने दांत पीस-पीस कर गल जाएगा; दुष्टों की लालसा पूरी न होगी।

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)