पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 142 / 150
भजन संहिता 142
1दाऊद का मश्कील। एक प्रार्थना। मैं पुकारकर यहोवा की दुहाई देता हूँ; मैं अपने शब्दों में यहोवा से विनती करता हू।
2मैं अपना दुखड़ा उसके सामने रोता हूं; मैं अपने कष्ट का वर्णन उसके सामने करता हू।
3जब मेरी आत्मा मुझमें व्याकुल थी, तू मेरे पथ को जानता था। मैं जिस मार्ग पर चलता हूं, उसी में उन्होंने मेरे लिए फंदा लगाया है।
4दाहिनी ओर दृष्टि कर और देख, क्योंकि कोई मुझे नहीं पूछता, मेरे लिए कहीं शरण नहीं रही; कोई मेरे प्राण की चिन्ता नहीं करता।
5हे यहोवा, मैं तुझे पुकार उठा, मैंने कहा, “तू मेरा शरणस्थान है, जीवितों की भूमि पर तू मेरा भाग है।
6मेरी पुकार पर ध्यान दे, क्योंकि मेरी बड़ी दुर्दशा हो गई है; मेरे सताने वालों से मुझे छुड़ा, क्योंकि वे मुझसे अत्यधिक बलवान है।
7मेरे प्राण को बन्दीगृह से निकाल, कि मैं तेरे नाम का धन्यवाद करूं; धर्मी लोग मेरे चारों ओर इकट्ठे होंगे, क्योंकि तू मेरा बहुत उपकार करेगा।”
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)