पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 147 / 150
भजन संहिता 147
1याह की स्तुति करो! क्योंकि अपने परमेश्वर का भजन गाना अच्छा है, यह मनभावना है और उसकी स्तुति करना उचित है।
2यहोवा यरूशलेम को बनाता है, वह इस्राएल के निकाले हुओं को इकट्ठा करता है।
3वह टूटे मन वालों को चंगा करता और उनके घावों की मरहम-पट्टी करता है।
4वह तारों की संख्या को गिनता और उनमें से एक-एक का नाम रखता है।
5हमारा प्रभु महान् और अति सामर्थी है; उसका ज्ञान असीम है।
6यहोवा पीड़ित को सम्भालता है; और दुष्ट को मिट्टी में मिला देता है।
7धन्यवाद करते हुए यहोवा के लिए गीत गाओ, वीणा बजाते हुए हमारे परमेश्वर का भजन गाओ;
8जो आकाश को मेघों से छा देता है, जो पृथ्वी के लिए वर्षा तैयार करता है, जो पहाड़ों पर घास उगाता है।
9वह पशुओं को आहार देता है, और कौवों के बच्चों को भी जो काँव-काँव करते है।
10वह घोड़े की शक्ति से प्रसन्न नहीं होता, वह मनुष्य के पैरों से आनन्दित नहीं होता।
11यहोवा उन पर अनुग्रह करता है जो उसका भय मानते हैं, अर्थात् जो उसकी करुणा की आस लगाए रहते है।
12हे यरूशलेम, यहोवा की प्रशंसा कर! हे सिय्योन, अपने परमेश्वर की स्तुति कर।
13क्योंकि उसी ने तेरे फाटकों को बेंड़ों से दृढ़ किया है, उसने तेरी सन्तान को तुझमें आशीष दी है।
14वह तेरी सीमाओं में शान्ति बनाए रखता है; वह तुझे उत्तम से उत्तम गेहूँ से तृप्त करता है।
15वह पृथ्वी पर अपनी आज्ञा भेजता है; उसका वचन अति वेग से दौड़ता है।
16वह ऊन के समान हिम गिराता, और राख के समान पाला बिखेरता है।
17अपनी बर्फ को वह छोटे-छोटे टुकड़ों में गिराता है; उसकी ठंड को कौन सह सकता है?
18वह आज्ञा देकर उन्हें गलाता है; वह वायु को चलाता और पानी को बहाता है।
19वह याकूब को अपने वचन और इस्राएल को अपनी रीति-विधियां बताता है।
20किसी और जाति से उसने ऐसा व्यवहार नहीं किया; और उन्होंने उसके नियमों को नहीं जाना है। सृष्टि स्तुति करे
पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)