Loading account

पुराना नियम · भजन संहिता · अध्याय 148 / 150

भजन संहिता 148

1याह की स्तुति करो! यहोवा की स्तुति स्वर्ग में से करो, ऊंचे स्थानों में उसकी स्तुति करो!

2हे उसके सब दूतो, उसकी स्तुति करो; हे उसकी सब सेनाओ, उसकी स्तुति करो!

3हे सूर्य और चन्द्रमा, उसकी स्तुति करो; हे सब ज्योतिर्मय तारागणो, उसकी स्तुति करो;

4हे सर्वोच्च आकाश, और आकाश के ऊपर वाले जल, उसकी स्तुति करो!

5ये सब यहोवा के नाम की स्तुति करें, क्योंकि उसी की आज्ञा से ये सृजे गए।

6उसने उनको सदा-सर्वदा के लिए स्थिर भी किया है; उसने ऐसी एक विधि ठहराई है जो टलने की नही।

7पृथ्वी पर से यहोवा की स्तुति करो, हे जल-जन्तुओं और सब गहरे सागरो;

8हे अग्नि और ओलो, हिम और मेघो; हे उसका वचन पालन करने वाली प्रचंड आंधियों;

9हे पर्वतों और पहाड़ियो; हे फल के वृक्षों और सब देवदारो;

10हे वन-पशुओं और घरेलू पशुओ, हे रेंगने वाले जन्तुओ और पक्षियो;

11हे पृथ्वी के राजाओ और राज्य-राज्य के सब लोगो, हे शासको और पृथ्वी के सब न्यायियों!

12हे नवयुवको और कुंवारियो; हे बूढ़ो और बच्चो।

13ये सब यहोवा के नाम की स्तुति करें, क्योंकि केवल उसी का नाम महान् है; उसकी महिमा पृथ्वी और आकाश के ऊपर है।

14उसने अपनी प्रजा के लिए एक सींग ऊंचा किया है। यह उसके सब भक्तों के लिए, अर्थात् इस्राएलियों के लिए, उसके समीप रहने वाली प्रजा के लिए स्तुति का विषय है। याह की स्तुति करो!

पवित्रशास्त्र का पाठ: Hindi Standard Version (HSV)